महामुकाबला या एकतरफा खेल? भारत के हाथों करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में 'सर्जिकल स्ट्राइक'

क्या भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैचों का रोमांच अब खत्म होता जा रहा है? रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी-20 विश्व कप 2026 के मुकाबले ने इस सवाल को हवा दे दी है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त देकर न केवल मैच जीता, बल्कि खेल के इस प्रारूप में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पर अब तक की सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की।

17 Feb 2026  |  32

कोलंबो: क्या भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैचों का रोमांच अब खत्म होता जा रहा है? रविवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी-20 विश्व कप 2026 के मुकाबले ने इस सवाल को हवा दे दी है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त देकर न केवल मैच जीता, बल्कि खेल के इस प्रारूप में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पर अब तक की सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की।

फीका पड़ा 'हाई-वोल्टेज' ड्रामे का शोर

मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से बहिष्कार की धमकियों ने माहौल को गरमाया था, लेकिन मैदान पर पाकिस्तान की टीम ने जिस तरह घुटने टेके, उसने प्रशंसकों को निराश कर दिया। टीम इंडिया के दबदबे का आलम यह था कि पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी, जो खुद स्टेडियम में मौजूद थे, टीम की दुर्गति देख मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर चले गए।

ड्रेसिंग रूम में बरपा हंगामा: नक़वी और हेसन सख्त

सूत्रों के अनुसार, हार से तिलमिलाए मोहसिन नकवी ने टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा के जरिए खिलाड़ियों तक अपना कड़ा संदेश पहुँचाया है। नकवी ने स्पष्ट किया है कि बड़े मंचों पर इस तरह का लचर प्रदर्शन पूरी तरह से 'अस्वीकार्य' है।

वहीं, मुख्य कोच माइक हेसन ने भी ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों की क्लास लगाई। हेसन ने खिलाड़ियों को आईना दिखाते हुए कहा कि टीम अपनी पूरी क्षमता के साथ नहीं खेल रही है।

बड़े बदलावों की आहट: बाबर और शाहीन पर गिरेगी गाज!

भारत से मिली इस शर्मनाक हार के बाद टीम प्रबंधन ने कड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। ख़बरों की मानें तो:

अगले मैच के लिए बाबर आज़म और शाहीन शाह अफरीदी जैसे दिग्गज नामों को बेंच पर बैठाया जा सकता है।

नामीबिया के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले में फखर ज़मान, नसीम शाह और सलमान मिर्ज़ा को मौका दिया जा सकता है।

नामीबिया के खिलाफ 'करो या मरो' की स्थिति

अमेरिका और नीदरलैंड जैसी छोटी टीमों को हराने के बाद भारत से मिली इस करारी हार ने पाकिस्तान के लिए सुपर-8 की राह कठिन कर दी है। अब बुधवार को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच में पाकिस्तान के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं है।

ट्रेंडिंग