मुंबई: पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हुई बांग्लादेशी महिला, वॉशरूम जाने का बहाना बना पति संग हुई रफूचक्कर

एक बांग्लादेशी महिला कुर्ला स्थित पुलिस क्वार्टर से सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, महिला की पहचान मीरजान बेगम इस्माइल शेख उर्फ नसरीन के रूप में हुई है।

18 Apr 2026  |  22

 

मुंबई: आर्थिक राजधानी मुंबई से सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार की गई एक बांग्लादेशी महिला कुर्ला स्थित पुलिस क्वार्टर से सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, महिला की पहचान मीरजान बेगम इस्माइल शेख उर्फ नसरीन के रूप में हुई है।

साजिश के तहत 'वॉशरूम' का बहाना

घटना गुरुवार तड़के की है। मीरजान बेगम को कुछ अन्य बांग्लादेशी नागरिकों के साथ कुर्ला स्थित पुलिस क्वार्टर में अस्थायी हिरासत में रखा गया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल से वॉशरूम जाने की अनुमति मांगी।

काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो सुरक्षाकर्मियों के कान खड़े हुए। आनन-फानन में तलाशी शुरू की गई, लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चला।

CCTV में कैद हुई फरारी की तस्वीरें

पुलिस ने जब परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो पूरी साजिश का खुलासा हुआ। फुटेज में मीरजान बेगम अपने पति मनीष बलदेव राजभर उर्फ इस्माइल शेख के साथ परिसर से भागते हुए साफ दिखाई दे रही है। माना जा रहा है कि उसका पति पहले से ही बाहर उसकी फरारी की योजना तैयार कर इंतज़ार कर रहा था।

पुलिस की कार्रवाई और मामला दर्ज

इस लापरवाही और फरारी की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मुकदमा: पुलिस ने मीरजान और उसके पति मनीष के खिलाफ 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

आरोप: महिला पर हिरासत से भागने और उसके पति पर फरारी में मदद करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

ताजा स्थिति: मुंबई पुलिस की विभिन्न टीमें फरार दंपत्ति की तलाश में जुटी हैं और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने हिरासत में रखे गए विदेशी नागरिकों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य खबरें