सियासी घमासान: अजय राय के विवादित बोल पर भड़के सीएम योगी, बोले– "यह कांग्रेस का कुसंस्कार और मानसिक दिवालियापन"

पीएम मोदी ने जिसके स्वास्थ्य की मांगी थी दुआ, उसी कांग्रेस नेता ने उबले अपशब्द; भाजपा का चौतरफा हमला!

22 May 2026  |  66

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग एक बार फिर बेहद तल्ख हो चली है। कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई एक कथित अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी ने राज्य में बड़ा राजनीतिक भूचाल ला दिया है। अजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार में सवार होकर कार्यकर्ताओं के बीच पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। इस बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

सीएम योगी आदित्यनाथ का तीखा प्रहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए इसे उनके राजनीतिक संस्कारों की गिरावट बताया। उन्होंने लिखा:

"प्रधानमंत्री के विषय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई अभद्र, असंसदीय और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है। पूर्व में कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं। कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है। अब देश वासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है।"

"मोहब्बत की दुकान में इतनी कड़वाहट क्यों?"

अजय राय के इस बयान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने शायराना अंदाज और तीखे लहजे में कांग्रेस की घेराबंदी करते हुए कहा, "जब होने लगे अंत की आहट, तो शब्दों में गिरावट आने लगती है। यह कांग्रेस की साफ बौखलाहट और राजनीतिक दिवालियेपन का प्रमाण है।" उन्होंने राहुल गांधी के नारे पर तंज कसते हुए पूछा कि जो लोग 'मोहब्बत की दुकान' की बात करते हैं, उनकी नीयत में इतनी कड़वाहट और जुबान में इतनी गंदगी क्यों है? देश की जागरूक जनता इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

शिष्टाचार बनाम अभद्रता: अमित मालवीय ने याद दिलाया अतीत

भाजपा के राष्ट्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभारी अमित मालवीय ने वायरल वीडियो को साझा करते हुए कांग्रेस को आईना दिखाया। उन्होंने राजनीति के गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए लिखा कि कुछ दिन पहले जब अजय राय लखनऊ के एक कार्यक्रम में अस्वस्थ हो गए थे और मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, तब खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए 'एक्स' पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।

अमित मालवीय ने तंज कसते हुए कहा, "आज वही अजय राय प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते कैमरे में कैद हुए हैं। यही कांग्रेस की राजनीति का असली स्तर है – शिष्टाचार का जवाब अभद्रता से देना।"

क्या है वायरल वीडियो में?

वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय एक धीमी गति से चलती हुई कार में सवार हैं। इस दौरान सड़क पर खड़े अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वे देश के प्रधानमंत्री के लिए बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित वाक्य को दोहराते हुए आगे बढ़ जाते हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा यूपी की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।

अन्य खबरें