IPL 2026: प्‍लेऑफ की जंग के बीच 'बिहारी बॉयज' का डंका, ईशन-वैभव और साकिब मचा रहे हैं धमाल

"आईपीएल के 19वें सीजन में बिहार के लाल छाए: वैभव ने ठोका 36 गेंदों पर शतक, साकिब ने विराट को आउट कर रचा इतिहास।"

23 May 2026  |  80

 

 

खेल संवाददाता, पटना/नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) अब अपने सबसे रोमांचक और अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। टूर्नामेंट में प्लेऑफ की तीन टीमें (बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद) अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं, जबकि चौथे पायदान के लिए तीन टीमों के बीच आर-पार की जंग जारी है। प्लेऑफ के मुकाबले 26 मई से शुरू होंगे, जबकि इस महाकुंभ का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा।

इस सीजन में जहां देश-विदेश के दिग्गज खिलाड़ी अपनी ताकत दिखा रहे हैं, वहीं आईपीएल के इस 19वें सीजन में 'बिहारी प्लेयर्स' का भी जबर्दस्त डंका बज रहा है। बिहार के तीन युवा रत्न— ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और साकिब हुसैन अपनी गेंद और बल्ले से ऐसी तबाही मचा रहे हैं कि विरोधी टीमें घुटने टेकने पर मजबूर हैं।

1. वैभव सूर्यवंशी: गेंदबाजों के लिए बने काल, 36 गेंदों में जड़ा शतक

पिछले सीजन में सबसे कम उम्र में आईपीएल डेब्यू कर सनसनी मचाने वाले समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में भी अपना रौद्र रूप जारी रखा है। वैभव के सामने चाहे जसप्रीत बुमराह हों, भुवनेश्वर कुमार हों या पैट कमिंस, उनका बल्ला किसी भी गेंदबाज के साथ कोई भेदभाव नहीं कर रहा है।

मौजूदा सीजन का रिपोर्ट कार्ड: वैभव ने अब तक खेले 13 मैचों में 44.54 की बेमिसाल औसत और 236.33 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से कुल 579 रन कूट दिए हैं।

रिकॉर्ड्स की बौछार: आईपीएल 2025 में महज 35 गेंदों पर शतक जड़कर इतिहास रचने वाले वैभव ने इस सीजन में भी सिर्फ 36 गेंदों में सेंचुरी ठोक दी। वह इस सीजन में अब तक 1 शतक और 3 अर्धशतक लगा चुके हैं।

2. ईशान किशन: कप्तानी के साथ बल्ले से उगली आग

अपनी कप्तानी में बिहार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाने वाले पटना के ईशान किशन का जलवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (न्यूजीलैंड सीरीज और विश्व कप) के बाद अब आईपीएल 2026 में भी सिर चढ़कर बोल रहा है।

शानदार प्रदर्शन: इस सीजन के शुरुआती कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी संभालने वाले ईशान ने अब तक खेले 14 मैचों में 40.64 की औसत और 178.37 के स्ट्राइक रेट से 569 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से इस सीजन में अब तक 6 धमाकेदार अर्धशतक निकल चुके हैं।

3. साकिब हुसैन: रफ्तार का सुल्तान, कोहली का विकेट लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

गोपालगंज के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने अपनी जादुई रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को खौफ में डाल दिया है। शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेले गए मैच में साकिब ने महान बल्लेबाज विराट कोहली को आउट कर अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा सपना पूरा किया।

अनोखा इतिहास: साकिब ने इस सीजन में अब तक 10 मैच खेले हैं और 15 विकेट चटकाए हैं।

ऐतिहासिक कीर्तिमान: सबसे खास बात यह है कि साकिब ने इस सीजन में खेले हर एक मैच में कम से कम 1 विकेट जरूर झटका है। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में अपने डेब्यू के बाद लगातार शुरुआती 10 मैचों में विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

बिहार क्रिकेट में नया सवेरा:

तीनों ही खिलाड़ी इस समय अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। क्रिकेट पंडितों का मानना है कि यदि प्लेऑफ के मुकाबलों में इन खिलाड़ियों का दिन रहा, तो ये अकेले दम पर किसी भी विपक्षी टीम को नेस्तनाबूद कर अपनी टीम को चैंपियन बना सकते हैं।

अन्य खबरें