'मोदी सरकार एक साल में गिर जाएगी': राहुल गांधी के दावे पर पीयूष गोयल का पलटवार, कहा— "यह देश में अराजकता फैलाने की बड़ी साजिश"

विदेशी ताकतों से हस्तक्षेप की अपील और टूलकिट गैंग का कनेक्शन; राहुल के 'भविष्यवाणी' वाले बयान पर गरमाई देश की सियासत।

24 May 2026  |  133

 

नई दिल्ली। लोसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को लेकर दिए गए एक बयान पर देश का राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। राहुल गांधी के इस दावे पर कि "अगले एक साल में मोदी सरकार गिर जाएगी", भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बेहद तीखा पलटवार किया है।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी के इस बयान को देश के खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कोई साधारण राजनीतिक बयान नहीं है, बल्कि देश के भीतर अराजकता और अस्थिरता फैलाने का एक गंभीर षड्यंत्र है।

पीयूष गोयल का तीखा हमला: "हिंसा फैलाना चाहती है कांग्रेस एंड कंपनी"

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (X) पर एक विस्तृत पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने लिखा:

"राहुल गांधी का बयान देश के खिलाफ कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों एवं भारत को अस्थिर करने का सपना देख रहे टूलकिट गैंग की एक बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। राहुल गांधी एंड कंपनी ने जब देख लिया कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता के हृदय से हटाया नहीं जा सकता और सीधी लोकतांत्रिक लड़ाई में भाजपा को परास्त नहीं किया जा सकता, तो अब वे देश में हिंसा फैलाना चाहते हैं।"

गोयल ने आगे कहा कि कांग्रेस को भारत से इतनी नफरत हो चुकी है कि वे देश का कुछ भी अच्छा होता हुआ देख नहीं सकते। राष्ट्र को बदनाम करना, संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना और विदेशी धरती पर जाकर विदेशी ताकतों से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अपील करना ही कांग्रेस की असली मंशा को उजागर करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की समझदार जनता इस 'टूलकिट गैंग' को एक बार फिर करारा जवाब देगी और 'INDI' गठबंधन की भारत में आग लगाने की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी।

क्या था राहुल गांधी का वो बयान जिसपर मचा बवाल?

दरअसल, यह पूरा विवाद शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय 'इंदिरा भवन' में आयोजित अल्पसंख्यक सलाहकार समिति की बैठक के बाद शुरू हुआ। इस बैठक में मौजूद नेताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया था कि एक साल के भीतर पीएम मोदी की विदाई तय है।

राहुल गांधी ने अपने इस दावे के पीछे तर्क देते हुए कहा:

"अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रहे आर्थिक हालात और उसके चलते बढ़ रहा जन-असंतोष इस सरकार के पतन का मुख्य कारण बनेंगे। आज तक मैंने (राजनीति को लेकर) जो भी भविष्यवाणियां की हैं, वे सच साबित हुई हैं और इस बार भी मेरा कहा बिल्कुल सच साबित होगा।"

राहुल गांधी के इस 'भविष्यवाणी' वाले बयान ने विपक्षी खेमे में जहां नए जोश का संचार किया है, वहीं सत्तापक्ष इसे लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के विदेशी एजेंडे से जोड़कर देख रहा है। आने वाले दिनों में संसद से लेकर सड़क तक इस मुद्दे पर घमासान और तेज होने के आसार हैं।

अन्य खबरें