3100 करोड़ी ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर' के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे पर यौन उत्पीड़न का आरोप , कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत

चंडीगढ़ के होटल में छेड़छाड़, मारपीट और नशीली दवा देने का गंभीर आरोप; कोर्ट से राहत मिलने के कारण टली गिरफ्तारी!

26 May 2026  |  106

 

 

चंडीगढ़। बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे एक बेहद गंभीर कानूनी विवाद में घिर गए हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन में एक महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न, मारपीट और नशीली दवा देने के आरोपों में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है।

होटल में बुलाकर वारदात; ड्रग्स देने और मारपीट का आरोप

महिला द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, यह घटना चंडीगढ़ के एक होटल में हुई। पीड़ित महिला का आरोप है कि:

छेड़छाड़ और मारपीट: आरोपी ने होटल में बुलाकर उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट भी की गई।

ड्रिंक में नशीली दवा: महिला ने यह भी संगीन आरोप लगाया है कि उसे धोखे से ड्रिंक में मिलाकर कोई नशीली दवा पिलाई गई, जिससे उसकी तबीयत बेहद खराब हो गई।

गिरफ्तारी से ऐन वक्त पहले मिली जमानत:

पुलिस ने इस मामले में 21 अप्रैल को ही एफआईआर दर्ज कर ली थी, लेकिन यह पूरा मामला 25 मई को जाकर मीडिया के सामने आया। पुलिस आरोपी सैनी एस. जोहरे को गिरफ्तार करने की पूरी तैयारी कर चुकी थी, लेकिन पुलिसिया एक्शन से ठीक पहले जोहरे ने जिला अदालत का रुख किया और वहां से अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) हासिल कर ली।

पुलिस ने जोहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79, 123 और 126(2) के तहत केस दर्ज किया है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

'धुरंधर' के भव्य सेट्स को किया था डिजाइन

विवादों में आए सैनी एस. जोहरे फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। उन्होंने निर्देशक आदित्य धर की मेगा-बजट फिल्म 'धुरंधर' में सेट डिजाइनिंग का जिम्मा संभाला था। फिल्म में दिखाए गए थाईलैंड के भव्य 'ल्यारी टाउन' के सेट को तैयार करने का श्रेय सैनी को ही जाता है, जिसकी काफी तारीफ हुई थी।

3100 करोड़ कमाने वाली फ्रेंचाइजी का हिस्सा

बता दें कि 'धुरंधर' भारतीय सिनेमा इतिहास की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक बन चुकी है। इस फिल्म के दोनों पार्ट्स ने कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं:

धुरंधर (पार्ट 1 - दिसंबर 2025): इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का शानदार कलेक्शन किया और यह भारतीय सिनेमा की 5वीं सबसे बड़ी फिल्म है।

धुरंधर 2 (पार्ट 2 - मार्च 2026): हाल ही में रिलीज हुए इसके दूसरे पार्ट ने 1800 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कलेक्शन किया, जिसके साथ यह भारत की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज सितारों से सजी 3100 करोड़ रुपये से ज्यादा की इस फ्रैंचाइज़ी के मुख्य क्रू मेंबर पर लगे इन आरोपों ने अब फिल्म के मेकर्स और फैंस को हैरान कर दिया है।

अन्य खबरें