खेल डेस्क।
क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस साल अक्टूबर में होने वाले भारत के ऐतिहासिक दौरे का पूरा शेड्यूल घोषित कर दिया है। पूरे 40 दिनों के इस लंबे और व्यस्त दौरे पर टीम इंडिया को कुल 12 मुकाबले खेलने हैं, जिसमें 5 T20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं।
आईसीसी (ICC) की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है जब वह किसी देश के खिलाफ इतने बड़े स्तर पर 'फुल-फ्लेज' (12 मैचों की) सीरीज की मेजबानी करने जा रहा है। 4 साल के लंबे अंतराल के बाद सीमित ओवरों और 7 साल बाद टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम कीवी सरजमीं पर कदम रखेगी।
22 अक्टूबर से शुरू होगा महामुकाबला (T20 सीरीज का शेड्यूल)
दौरे का आगाज फटाफट फॉर्मेट यानी पांच मैचों की T20 सीरीज से होगा। शुरुआती मुकाबले क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेले जाएंगे।
पहला T20: 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
दूसरा T20: 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
तीसरा T20: 27 अक्टूबर, वेलिंगटन
चौथा T20: 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
पांचवां T20: 1 नवंबर, हैमिल्टन
नवंबर में दिखेगा वनडे का रोमांच (वनडे सीरीज का शेड्यूल)
T20 सीरीज खत्म होने के तुरंत बाद दोनों टीमें 5 मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी। सीरीज के आखिरी दो मैच माउंट माउंगनेई में खेले जाएंगे।
पहला वनडे: 4 नवंबर, ऑकलैंड
दूसरा वनडे: 7 नवंबर, वेलिंगटन
तीसरा वनडे: 10 नवंबर, हैमिलटन
चौथा वनडे: 13 नवंबर, माउंट माउंगनेई
पांचवां वनडे: 15 नवंबर, माउंट माउंगनेई
7 साल का सूखा खत्म: रेड बॉल क्रिकेट की बारी (टेस्ट सीरीज का शेड्यूल)
भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2019 में न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेली थी। अब 7 साल बाद फैंस को कीवी पिचों पर भारतीय दिग्गजों को सफेद जर्सी में देखने का मौका मिलेगा। दो मैचों की यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से भी बेहद अहम होगी।
पहला टेस्ट: 19 से 23 नवंबर, वेलिंगटन
दूसरा टेस्ट: 27 नवंबर से 1 दिसंबर, क्राइस्टचर्च
दौरे की बड़ी बातें:
भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2022 में न्यूजीलैंड में सीमित ओवरों की सीरीज खेली थी। इस बार 40 दिनों के इस कड़े शेड्यूल में खिलाड़ियों की फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट पर सबकी नजरें रहेंगी। कीवी पिचों पर तेज गेंदबाजों को मिलने वाली स्विंग और उछाल हमेशा से भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा लेती आई है, ऐसे में फैंस को एक कड़े और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।