कंगना रनौत और FWICE चीफ में ठनी: रणवीर सिंह के मामले पर अशोक पंडित भड़के, कहा— 'तुम बकवास करती हो...'

रणवीर सिंह पर से हटा 'असहयोग निर्देश'; बिना सोचे-समझे कमेंट करने पर फेडरेशन अध्यक्ष ने कंगना को आड़े हाथों लिया।

03 Jun 2026  |  61

 

मुंबई।

बॉलीवुड की 'पंगा गर्ल' कंगना रनौत और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के बीच एक नया विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में अभिनेता रणवीर सिंह पर फेडरेशन द्वारा की गई कार्रवाई के सपोर्ट में कंगना रनौत ने खुलकर अपनी बात रखी थी। लेकिन अब इस पर पलटवार करते हुए FWICE के अध्यक्ष अशोक पंडित ने कंगना रनौत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अभिनेत्री के बयानों को 'बकवास' करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

क्या था कंगना का बयान, जिसने सुलगाई चिंगारी?

मंगलवार को अपनी आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कंगना रनौत से रणवीर सिंह पर लगे कथित बैन को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर कंगना ने खुलकर रणवीर सिंह का पक्ष लिया और साथ ही इंडस्ट्री में खुद के बैन होने के पुराने अनुभवों को भी साझा किया था। कंगना का यही अंदाज फेडरेशन के चीफ को रास नहीं आया।

"तुम बकवास करती हो..." — कंगना पर बरसे अशोक पंडित

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक बेबाक इंटरव्यू में FWICE अध्यक्ष अशोक पंडित ने फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों पर निशाना साधा जो बिना पूरी सच्चाई जाने इस मामले में कूद रहे हैं। कंगना रनौत का नाम लेते हुए उन्होंने कहा:

"बहुत से लोग बिना कुछ जाने-समझे इस मामले पर कमेंट कर रहे हैं। मुझे पता चला कि मंगलवार को कंगना रनौत ने भी इस पर बहुत कुछ बोला है। वह मामले की गंभीरता को पूरी तरह समझी ही नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भी इंडस्ट्री से बैन कर दिया गया था। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि तुम बकवास करती हो, इसीलिए तुम्हें बैन किया गया था।"

अशोक पंडित ने आगे कहा कि यह इंडस्ट्री से जुड़ा एक बहुत बड़ा और गंभीर मुद्दा है, जिसका अंदाजा भी कंगना नहीं लगा सकतीं। उन्होंने साफ किया कि फेडरेशन में से कोई भी रणवीर सिंह के खिलाफ नहीं है, बल्कि वे केवल मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे।

रणवीर सिंह को मिली बड़ी राहत: हटाया गया 'असहयोग निर्देश'

इस जुबानी जंग के बीच अभिनेता रणवीर सिंह के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बुधवार को मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान FWICE के अध्यक्ष अशोक पंडित ने आधिकारिक एलान किया कि फेडरेशन अभिनेता रणवीर सिंह पर लागू किए गए 'नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव' (असहयोग निर्देश) को तत्काल प्रभाव से हटा रही है।

अशोक पंडित ने यह भी स्पष्ट किया कि जिसे मीडिया और कुछ लोग 'बैन' समझ रहे थे, वह दरअसल एक तकनीकी असहयोग निर्देश था, जिसे अब आपसी सहमति और मामले के सुलझने के बाद पूरी तरह वापस ले लिया गया है। इस फैसले के बाद रणवीर सिंह को लेकर चल रहा विवाद तो शांत हो गया है, लेकिन कंगना और अशोक पंडित के बीच का यह टकराव आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

 

अन्य खबरें