देवभूमि में खूनी संघर्ष: पानी के विवाद में भाजपा पदाधिकारी की हत्या, आरोपितों के घरों पर चला बुलडोजर

सीएम धामी का कड़ा रुख; कहा— 'कानून को चुनौती देने वाली जिहादी मानसिकता को कुचल दिया जाएगा, मिलेगा ऐसा दंड जो नजीर बनेगा।'

14 Jun 2026  |  89

 

 

देहरादून।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरागीवाला गांव में पानी के मामूली विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया, जब एक विशेष समुदाय के लोगों ने लाठी-डंडों और हथौड़ों से लैस होकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह संयोजक विनोद कुमार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

12 नामजद समेत 45 पर मुकदमा, प्रशासन का 'बुलडोजर एक्शन'

पुलिस ने मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर 12 नामजद आरोपियों—इम्तियाज, रज्जाक, अमन, युनुस, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद, इंतजार—सहित 30-35 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है।

घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने रविवार को आरोपितों के घरों पर पथराव और तोड़फोड़ की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित आरोपितों के अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है।

क्या था पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरागीवाला निवासी भगवत प्रसाद के परिवार का उनके पड़ोसी इम्तियाज के साथ खेत में पानी लगाने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। शनिवार शाम करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच, आरोपित पक्ष दर्जनों लोगों की भीड़ के साथ लाठी-डंडे, बेलचे और हथौड़े लेकर भगवत प्रसाद के घर पर धाबा बोल दिया।

तहरीर के अनुसार: "भीड़ ने आते ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने विनोद कुमार के सिर पर हथौड़े से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए उनके भाई अशोक, राजेश और भाभी सुषमा को भी बेरहमी से पीटा गया, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"

मुख्यमंत्री धामी ने जताया कड़ा आक्रोश: 'बख्शे नहीं जाएंगे उपद्रवी'

इस जघन्य हत्याकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने देवभूमि की शांति भंग करने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है।

"देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली जिहादी और हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। देहरादून की यह घटना अत्यंत निंदनीय है। जो लोग भी कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा दंड मिलेगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले हजार बार सोचेगा।" — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री (उत्तराखंड)

गाँव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात

घटना के बाद उपजे सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए पूरे बैरागीवाला गाँव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस कप्तान सहित तमाम आला अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। हालांकि, प्रशासन के बुलडोजर एक्शन और मुस्तैदी के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन पीएसी की टुकड़ियों को तैनात रखा गया है। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

अन्य खबरें