सांसद सुदीप बंदोपाध्याय भी बागी. 'दादा, अपना मुखौटा उतारिए और ट्विटर हैंडल का नाम BJP बी-टीम रख लीजिए- महुआ मोइत्रा का तंज

बंगाल में ममता को महाझटका: 6 बार के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय भी बागी, TMC के 20 सांसदों ने छोड़ा साथ, NDA को समर्थन की तैयारी | बीमारी का बहाना बनाकर दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मिले सुदीप|

14 Jun 2026  |  104

 

कोलकाता / नई दिल्ली।

पश्चिम बंगाल में सालों तक एकछत्र राज करने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस समय अपने सबसे बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए पार्टी में शुरू हुआ विद्रोह अब चरम पर पहुँच गया है। ताजा घटनाक्रम में, लोकसभा में टीएमसी के नेता और 6 बार के कद्दावर सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने भी बगावत का बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की है, जिसके बाद बंगाल की राजनीति में भारी भूचाल आ गया है।

अस्पताल का बहाना बनाकर दिल्ली पहुँचे 'दादा'

सुदीप बंदोपाध्याय की इस खुफिया मुलाकात का भंडाफोड़ होने के बाद टीएमसी की फायरब्रांड सांसद महुआ मोइत्रा ने उन पर तीखा हमला बोला। महुआ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट कर सुदीप बंदोपाध्याय की पोल खोली।

महुआ मोइत्रा ने लिखा:

"उनका (सुदीप बंदोपाध्याय) मुखौटा और विग दोनों उतर गए हैं। सुदीप बाबू ने हमसे कहा था कि पेट खराब होने की वजह से वह कोलकाता के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन अचानक हमने उन्हें टीवी पर दिल्ली में भूपेंद्र यादव के घर पर देखा। दादा, कृपया अपना ट्विटर हैंडल बदलकर कम से कम @SudipBJPBTeam कर लीजिए। हमारा (TMC) नाम इस्तेमाल करना बंद करिए।"

'ममता गुट' पड़ा कमजोर, बागी सांसदों की संख्या हुई 20

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात के दौरान सुदीप बंदोपाध्याय के साथ बीरभूम की सांसद शताब्दी रॉय भी मौजूद थीं, जो पहले ही बागी गुट को अपना समर्थन दे चुकी हैं। सुदीप के पाला बदलने के बाद लोकसभा में टीएमसी के बागी सांसदों का आंकड़ा 20 तक पहुँच गया है।

इस बगावत के बाद ममता बनर्जी के प्रति वफादार सांसदों की संख्या घटकर महज 8 रह गई है।

अब ममता गुट में कौन-कौन बचा?

अब तृणमूल कांग्रेस के वफादार खेमे में केवल अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी, सौगत रॉय, महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे गिने-चुने प्रमुख चेहरे ही बचे हैं।

आज स्पीकर से मिलेंगे बागी, NDA को समर्थन का दावा

यह सियासी ड्रामा बेहद महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुँच चुका है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को सभी बागी सांसद लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ओम बिरला से मुलाकात करने वाले हैं। बागी गुट संसद में खुद को एक 'स्वतंत्र गुट' के रूप में मान्यता देने की मांग करेगा और केंद्र की एनडीए (NDA) सरकार को अपना समर्थन देने का आधिकारिक दावा पेश करेगा।

सांसद पति के बाद अब विधायक पत्नी भी बदलेंगी पाला!

ममता बनर्जी के लिए मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हो रही हैं। सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी और कोलकाता की प्रतिष्ठित चौरंगी सीट से टीएमसी विधायक नैना बंदोपाध्याय के भी बागी विधायकों के गुट में शामिल होने की पूरी संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो विधानसभा में भी टीएमसी को बड़ा झटका लगेगा।

टीएमसी खेमे में भारी नाराजगी:

इस पूरी बगावत पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ममता बनर्जी ने जिन लोगों को हमेशा सिर-आंखों पर बिठाया और बड़े-बड़े पदों से नवाजा, आज वही लोग संकट की घड़ी में उनके खिलाफ जाकर खड़े हो गए हैं।

अन्य खबरें