अफवाह ने ली चार जानें: इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग की खबर से मची भगदड़, दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री

मुरैना-धौलपुर के पास दर्दनाक हादसा: मोबाइल फटने के बाद फैली थी आग की अफवाह, जान बचाने के लिए ट्रैक पर कूदे यात्रियों में से तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत

14 Jun 2026  |  93

 

 

 

मुरैना (मध्य प्रदेश):

मध्य प्रदेश के मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा सामने आया है। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की एक अफवाह के बाद मची भगदड़ ने चार मासूम जिंदगियों को लील लिया। जान बचाने के फेर में ट्रेन से नीचे उतरे यात्री समानांतर ट्रैक (दूसरी पटरी) पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस हादसे में तीन महिलाओं और एक चार वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

एक मोबाइल ब्लास्ट और फैल गई आग की अफवाह

रेलवे और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस गुजर रही थी। सफर के दौरान ट्रेन के जनरल कोच (इंजन से दूसरे डिब्बे) में किसी यात्री का मोबाइल फोन अचानक फट गया।

मोबाइल फटने के बाद पूरे डिब्बे में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। डर के मारे किसी यात्री ने तुरंत अलार्म चेन पुलिंग (जंजीर खींचना) कर दी, जिससे ट्रेन हेतमपुर स्टेशन के पास सुनसान सेक्शन में रुक गई।

जान बचाने की होड़ में काल के गाल में समाए यात्री

ट्रेन के रुकते ही कोच में सवार यात्री खौफ के मारे नीचे कूदने लगे और जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी आपाधापी में कुछ यात्री बिना सोचे-समझे बगल वाले रेलवे ट्रैक पर जा पहुंचे।

उसी वक्त आगरा की दिशा से मुरैना की तरफ जा रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से वहाँ से गुजरी। पटरी पर मौजूद लोग इस ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे चार लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे का शिकार हुए लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें दो परिवार आगरा के और एक राजस्थान का रहने वाला है:

आफरीन (35 वर्ष) — पत्नी नदीम खान, निवासी सुल्तानगंज की पुलिया, आगरा।

असद खान (4 वर्ष) — आफरीन का बेटा।

शकुंतला (60 वर्ष) — पत्नी भूरी सिंह परमार, निवासी रुनकता, आगरा।

विरमा देवी (60 वर्ष) — पत्नी गिरधारी गिरी, निवासी बीकानेर, राजस्थान।

प्रशासनिक मुस्तैदी और उच्च स्तरीय जाँच के आदेश

घटना की चीख-पुकार सुनते ही स्थानीय सरायछौला थाना पुलिस, रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के आला अधिकारी भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

प्रशासन द्वारा प्रभावित यात्रियों को तत्काल आवश्यक सहायता और ढांढस बंधाया गया। रेलवे प्रशासन ने इस पूरी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए हादसे के सटीक कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

अन्य खबरें