हरदा।
मध्य प्रदेश के हरदा जिले से खेल जगत को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक नाबालिग कबड्डी खिलाड़ी ने अपने ही कोच पर छेड़छाड़ और मर्यादा लांघने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कबड्डी कोच अंकित जोशी के खिलाफ छेड़छाड़ और पाक्सो (POCSO) कानून की कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांच साल का भरोसा पल भर में टूटा
पीड़िता के अनुसार, वह पिछले पांच वर्षों से कोच अंकित जोशी के मार्गदर्शन में कबड्डी का कड़ा प्रशिक्षण ले रही थी। पांच साल के इस लंबे सफर में उसने कभी नहीं सोचा था कि उसका गुरु ही एक दिन भक्षक बन जाएगा। घटना बीते 24 मई की है, जब कोच अंकित जोशी ने पीड़िता को किसी काम के बहाने अपने घर बुलाया। जब नाबालिग खिलाड़ी वहां पहुंची, तो घर पर कोई और मौजूद नहीं था। सूने घर का फायदा उठाकर कोच ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं और खिलाड़ी का हाथ पकड़कर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
चकमा देकर भागी, डर के मारे छोड़ दिया था अभ्यास
आरोपी की इस घिनौनी करतूत से सहमी पीड़िता ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह कोच को चकमा देकर उनके घर से भागने में सफल रही। इस खौफनाक अनुभव ने नाबालिग के मन में इस कदर डर पैदा कर दिया कि उसने बदनामी और डर के मारे खेल के मैदान पर जाना ही बंद कर दिया। वह पूरी तरह अवसाद में चली गई।
परिजनों की संवेदनशीलता से मिला न्याय का हौसला
पिछले कुछ दिनों से होनहार खिलाड़ी को अभ्यास पर न जाते देख परिजनों को चिंता हुई। जब उन्होंने गहराई से इसका कारण पूछा, तो पीड़िता का बांध टूट गया और उसने रोते हुए उस दिन की पूरी दास्तान बयां कर दी। बेटी की बात सुनकर परिजनों ने रूढ़िवादी सोच से ऊपर उठकर उसे पूरा संबल और हिम्मत दी। परिजनों के सहयोग से हौसला पाकर नाबालिग खिलाड़ी पुलिस थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी कोच अंकित जोशी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।