'नौकर नहीं, चोरी के इरादे से आया था...': मारपीट के आरोपों पर IPL स्टार शशांक सिंह का पलटवार, कबूली अपनी यह बड़ी गलती

पंजाब किंग्स के क्रिकेटर और उनके पूर्व IPS पिता पर FIR; शशांक बोले— "वह बावर्ची बनकर आया था, लेकिन खाना बनाने के बजाय हमारे प्राइवेट रूम के वीडियो बना रहा था।"

30 Jun 2026  |  135

 

 

नई दिल्ली।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी धुआंधार बल्लेबाजी और लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर पंजाब किंग्स के स्टार क्रिकेटर शशांक सिंह इस समय खेल के मैदान से दूर एक गंभीर कानूनी विवाद में फंस गए हैं। शशांक और उनके पिता (जो एक पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं) समेत तीन लोगों के खिलाफ उनके घर पर काम करने वाले एक नौकर (बावर्ची) ने मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब खुद क्रिकेटर शशांक सिंह ने मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखा है और नौकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस पूरे विवाद के पीछे की इनसाइड स्टोरी बताई है।

"चोरी के इरादे से आया था, हमारे प्राइवेट वीडियो डिलीट कराए"

शशांक सिंह ने मारपीट और बंधक बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि विपेंद्र सिंह नाम का यह शख्स महज दो दिन पहले ही उनके घर आया था।

क्रिकेटर का बयान: "विपेंद्र बावर्ची (कुक) बोलकर काम पर आया था, लेकिन उसे खाना बनाना बिल्कुल नहीं आता था। वह मेरे घर में आकर बस मौज-मस्ती कर रहा था। वह हमारे पर्सनल रूम में जाकर चुपके से तस्वीरें खींच रहा था और वीडियो बना रहा था। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके मोबाइल से घर के कई प्राइवेट वीडियो मिले, जिसे मेरी मम्मी ने डिलीट कराया। हमें पूरा शक है कि वह चोरी के इरादे से आया था। हमारे घर से एक चांदी के गणपति जी भी गायब हैं, जिनकी हम तलाश कर रहे हैं।"

शशांक ने मानी अपनी बड़ी गलती: "भावुक होना पड़ा भारी"

इस पूरे मामले में शशांक सिंह ने माना कि उनसे और उनके परिवार से प्रक्रियात्मक स्तर पर कुछ बड़ी चूंक हुई है, जिसे वे अपनी गलती स्वीकार करते हैं:

पुलिस एक्शन न लेना भारी पड़ा: शशांक ने बताया, "जब मेरी बहन ने पुलिस को फोन करने के लिए कहा, तो वह नौकर रोने लगा। उसने कहा कि मैं गरीब हूँ और मेरी मां बीमार है। मैं भावुक हो गया और कहा कि छोड़ो, क्या इसे थाने में बैठाना। इमोशनल होकर पुलिस एक्शन न लेना मेरी सबसे बड़ी गलती थी। हमें अंदाज़ा नहीं था कि वह बाहर जाकर हमारे खिलाफ झूठी कहानी गढ़ेगा।"

बिना बैकग्राउंड वेरिफिकेशन के काम पर रखना: यह शख्स पिता के किसी परिचित की सिफारिश पर आया था। शशांक ने कहा, "यह हमारे परिवार के लिए एक बहुत बड़ी सीख है। पापा ने जब बाद में उसका बैकग्राउंड चेक कराया तो पता चला कि वह नशा करता है। हमें उसका बैकग्राउंड दो दिन बाद नहीं, बल्कि काम पर रखने से पहले ही चेक कराना चाहिए था।"

पूर्व IPS पिता ने जाते समय बनाया था वीडियो

शशांक ने साफ किया कि उन्होंने नौकर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। जब वह घर से जा रहा था, तो उनके पूर्व आईपीएस पिता ने बाकायदा उसका एक वीडियो भी बनाया था और उसे समझाया था कि बीच में गायब होने के बजाय घर पर बात कर ले। फिलहाल, पुलिस इस मामले में दोनों पक्षों के बयानों और दावों की जांच कर रही है, लेकिन इस विवाद ने आईपीएल स्टार के परिवार की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं।

अन्य खबरें