'कच्चा तेल हुआ सस्ता, तो जनता को राहत क्यों नहीं?' केजरीवाल का बड़ा दावा— देश में ₹82 और E20 ब्लेंडिंग के साथ ₹70 लीटर मिलना चाहिए पेट्रोल

तेल के दाम घटे तो देश से भागेगी महंगाई!...पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर केंद्र पर बरसे अरविंद केजरीवाल

09 Jul 2026  |  1067

 

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने वैश्विक बाजार में कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की गिरती कीमतों का हवाला देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दाम कम होने के बावजूद देश की जनता को इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है।

'₹82 या ₹70 लीटर होना चाहिए पेट्रोल' — केजरीवाल का गणित

अरविंद केजरीवाल ने आंकड़ों के साथ केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल से घटकर अब 70 डॉलर प्रति बैरल पर आ चुकी है।

केजरीवाल की कैलकुलेशन: "कच्चे तेल की कीमत कम हुई है तो देश में भी ईंधन सस्ता होना चाहिए। हमारी कैलकुलेशन के हिसाब से पेट्रोल की कीमत ₹82 प्रति लीटर होनी चाहिए। वहीं, अगर इसमें E20 (20% इथेनॉल ब्लेंडेड) ईंधन का इस्तेमाल किया जाए, तो यह कीमत घटकर ₹70 प्रति लीटर तक आ सकती है।"

उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल के साथ-साथ डीजल के दामों में भी भारी कटौती की जानी चाहिए। यदि ऐसा होता है, तो देश में माल ढुलाई सस्ती होगी और इससे सीधे तौर पर महंगाई कम होगी। सरकार द्वारा नुकसान की भरपाई के तर्कों को खारिज करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जब युद्ध के समय कंपनियों को बंपर मुनाफा हुआ, तो क्या उससे नुकसान की भरपाई (सेट ऑफ) नहीं की जा सकती? जनता से ₹102 वसूलना पूरी तरह गलत है।

E20 ईंधन पर 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को अल्टीमेटम

सिर्फ सरकार ही नहीं, केजरीवाल ने वाहन निर्माता कंपनियों को भी आड़े हाथों लिया है। उन्होंने बुधवार को देश की 29 बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों (जिसमें मारुति सुजुकी, टोयोटा और हीरो मोटोकॉर्प शामिल हैं) को पत्र लिखकर जवाब तलब किया है। केजरीवाल ने इन कंपनियों से 7 दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है कि 'E20 इथेनॉल-ब्लेंडेड फ्यूल' से गाड़ियों के माइलेज और इंजन की सुरक्षा पर क्या असर पड़ रहा है, ताकि उपभोक्ताओं की चिंताओं को दूर किया जा सके।

दिल्ली की बदहाली पर LG और विपक्ष को घेरा

दिल्ली में मानसून की दस्तक के साथ हुए जलभराव पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने विरोधियों पर तंज कसा। उन्होंने कहा:

"मुझे हंसी आती है कि आज भी लोग मिंटो ब्रिज की पुरानी तस्वीरें दिखाते हैं, जबकि हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल में मिंटो ब्रिज की समस्या को पूरी तरह ठीक कर दिया था। लेकिन आज पूरी दिल्ली में पानी भरा है, जगह-जगह कूड़ा है और सड़कें टूटी हुई हैं। महज एक साल के अंदर इन्होंने दिल्ली का वो हाल कर दिया है, जो दिल्लीवालों ने पहले कभी नहीं देखा था।"

अन्य खबरें