मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी: आधी रात मंचा हड़कंप, कॉल करने वाले ने लिया दाऊद का नाम; BDDS और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में रात 12:13 बजे आया धमकी भरा फोन; ताज होटल की सुरक्षा बेहद सख्त, तुर्भे इलाके से संदिग्ध कॉलर को दबोचने के लिए पुलिस की छापेमारी तेज।

12 Jul 2026  |  1017

 

 

मुंबई। मायानगरी मुंबई की ऐतिहासिक धरोहर और देश के सबसे प्रतिष्ठित होटलों में शुमार 'होटल ताज महल पैलेस' (Taj Hotel) को बम से उड़ाने की सनसनीखेज धमकी मिली है। रविवार (12 जुलाई) की आधी रात को आई इस धमकी भरी कॉल के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कोलाबा पुलिस, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमों ने होटल पहुंचकर मोर्चा संभाला।

"दाऊद ने ताज में रखा है बम" — रात 12:13 बजे आया फोन

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12 बजकर 13 मिनट पर नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम के फोन की घंटी बजी। फोन उठाने पर दूसरी तरफ से एक अज्ञात व्यक्ति ने बेहद चौंकाने वाला दावा किया। कॉलर ने कहा, "अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम ने ताज होटल में बम रखा है।"

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए नवी मुंबई पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना मुंबई मेन कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद पूरी सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया।

आधी रात को होटल में चलाया गया महा-सर्च ऑपरेशन

धमकी की खबर मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDDS) और खोजी कुत्तों (स्निफर डॉग्स) के साथ भारी पुलिस बल ताज होटल पहुंचा। आधी रात को ही होटल के भीतर और बाहर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

इन जगहों की हुई जांच: सुरक्षा टीमों ने होटल की मेन लॉबी, स्विमिंग पूल एरिया, अलग-अलग बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट, बेसमेंट पार्किंग और अन्य बेहद संवेदनशील हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली।

राहत की खबर: कई घंटों तक चले इस काउंटर-इमरजेंसी सर्च ऑपरेशन के बाद राहत की सांस ली गई, क्योंकि पुलिस को होटल परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

तुर्भे इलाके से जुड़ा कॉलर का लोकेशन, तलाश तेज

मुंबई पुलिस की टेक्निकल इंटेलिजेंस और सायबर सेल ने धमकी भरे फोन नंबर की तुरंत जांच शुरू की। टेक्निकल सर्विलांस से पता चला है कि यह कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से की गई थी। फिलहाल मुंबई पुलिस, तुर्भे पुलिस स्टेशन के समन्वय से संदिग्ध कॉलर की लोकेशन ट्रेस कर रही है और उसे दबोचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, होटल के बाहर पुलिस बल तैनात

26/11 के आतंकी हमले का दंश झेल चुके ताज होटल की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन कोई भी कोताही बरतने के मूड में नहीं है। होटल के आसपास के पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी ताज होटल के स्टाफ को इसी तरह का एक धमकी भरा कॉल मिला था, जो बाद में अफवाह साबित हुआ था। फिलहाल, इस ताजा घटना के बाद ताज होटल की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद कर दिया गया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

अन्य खबरें