दतिया का सियासी दंगल: BJP ने उतारी स्टार प्रचारकों की फौज, टिकट कटने से नाराज नरोत्तम मिश्रा को मिली बड़ी जिम्मेदारी. मोहन यादव संभालेंगे कमान

बगावत की आग शांत करने का मास्टरस्ट्रोक; मुख्यमंत्री मोहन यादव संभालेंगे कमान, सिंधिया और विजयवर्गीय के साथ 'दादा' बनाएंगे जीत का माहौल!

13 Jul 2026  |  1004

 

 

दतिया / भोपाल

मध्य प्रदेश की सबसे 'हॉट सीट' बन चुकी दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने स्टार प्रचारकों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से जारी इस सूची में पार्टी ने अपने तमाम दिग्गज चेहरों को चुनावी रण में उतार दिया है। इस सूची में सबसे चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण नाम पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का है, जिन्हें स्टार प्रचारकों में शामिल कर पार्टी ने एक बड़ा डैमेज कंट्रोल (नुकसान की भरपाई) करने की कोशिश की है।

दतिया में आगामी 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 3 अगस्त को की जाएगी। सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन होने के कारण क्षेत्र में सियासी पारा चरम पर है।

भीतरघात रोकने को 'मिशन एकजुटता': नरोत्तम मिश्रा बने स्टार प्रचारक

हाल ही में भाजपा आलाकमान द्वारा नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दतिया में बगावत का एक बड़ा ज्वालामुखी फूट पड़ा था। नाराज समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 को 12 घंटे तक जाम रखा था और जिला कार्यकारिणी ने सामूहिक इस्तीफे की पेशकश कर दी थी।

पार्टी नेतृत्व ने समय रहते इस असंतोष को भांपते हुए स्थिति को संभाला। नरोत्तम मिश्रा को स्टार प्रचारकों की सूची में शीर्ष स्थान देकर भाजपा ने यह साफ संदेश दिया है कि संगठन में 'दादा' का कद आज भी बरकरार है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, डॉ. मिश्रा को शामिल करना पार्टी की आंतरिक एकजुटता दिखाने और जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की रणनीति का अहम हिस्सा है।

दिग्गजों की फौज: मुख्यमंत्री संभालेंगे कमान, सिंधिया भी भरेंगे हुंकार

भाजपा ने इस उपचुनाव को जीतने के लिए दिल्ली से लेकर भोपाल तक के बड़े नेताओं की ड्यूटी लगाई है। प्रचार अभियान की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है:

चुनावी कमान: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद इस पूरे चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगे और दतिया में बड़ी जनसभाएं करेंगे।

केंद्रीय मंत्रियों की एंट्री: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक दतिया के ग्रामीण और शहरी इलाकों में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

दिग्गज मंत्रियों की टीम: प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री— जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के साथ-साथ कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल और राकेश सिंह भी अलग-अलग क्षेत्रों में डेरा डालेंगे।

दतिया का समीकरण: आशुतोष तिवारी बनाम घनश्याम सिंह

बीजेपी ने जहाँ संगठन पृष्ठभूमि से आने वाले आशुतोष तिवारी पर दांव खेला है, वहीं कांग्रेस ने दतिया के प्रतिष्ठित राजघराने से ताल्लुक रखने वाले और तीन बार के पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है।

क्यों हो रहा है उपचुनाव?

साल 2023 के मुख्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने नरोत्तम मिश्रा को हराया था। हालांकि, अप्रैल 2026 में दिल्ली की एक विशेष अदालत द्वारा बैंक धोखाधड़ी के पुराने मामले में राजेंद्र भारती को 3 साल की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई, जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव की नौबत आई है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा की यह 'स्टार आर्मी' और खुद नरोत्तम मिश्रा मिलकर उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की नैया पार लगा पाते हैं या नहीं।

अन्य खबरें