19 व 20 मार्च को राजकीय श्री बंशीधर महोत्सव का होगा आयोजन





महोत्सव के आयोजन को लेकर हो रहा वृहद प्रचार-प्रसार, उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर किया प्रचार वाहन को रवाना





राज्य व देश के प्रसिद्ध कलाकार कार्यक्रम में करेंगे शिरकत





सीएम हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।उपायुक्त शेखर जमुआर ने समाहरणालय परिसर से श्री बंशीधर महोत्सव को लेकर प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।श्री बंशीधर महोत्सव का आयोजन श्री बंशीधर नगर स्थित गोसाईं बाग मैदान में 19 और 20 मार्च को किया जाना है।दो दिवसीय राजकीय श्री बंशीधर महोत्सव के आयोजन में अधिक संख्या में लोगों को शामिल होने के लिए मीडिया,सोशल साइट्स और अन्य माध्यमों समेत जिलेभर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार वाहन से भी वृहद प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।महोत्सव के आयोजन से संबंधित सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।





दो दिवसीय राजकीय महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।इसमें मनमोहक गायन और नृत्य की प्रस्तुति राज्य और देश के विभिन्न प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा किया जायेगा। इसके अलावा जिले के विभिन्न स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देकर कला का प्रदर्शन करेंगे।





श्री बंशीधर महोत्सव में 19 मार्च को आर्यन महाकाल(राधे कृष्णा एंट्री), बिपिन मिश्रा एंड ग्रुप(शंख नध), न्यू झारखण्ड कला संगीत सूजन केंद्र(नागपुरी नृत्य), नटराज कला केंद्र(छऊ नत्य), आर्यन महाकाल ग्रुप(कृष्णा लीला), अनुपमा यादव(भोजपुरी सिंगर), पूजा चटर्जी(इंडियन आइडल सीजन 3 फाइनलिस्ट),सलमान अली(इंडियन आइडल सीजन 10वी विजेता) अपनी प्रस्तुति देंगे।





20 मार्च को गंगा आरती 15 लोग(गंगा आरती वाराणसी), शशांक शेखर(इंडियन सेमि क्लासिकल सिंगर), मानभूम संस्कृति समिति(पाइका नृत्य), राजीव निगम(कॉमेडियन), जॉली मुखर्जी(बॉलीवुड सिंगर), रजत आनंद और हेमंत बृजवासी(विजेता सा रे गा मा पा) की प्रस्तुति होगी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अतिथि के रूप में शामिल होंगे।





उपायुक्त शेखर जमुआर द्वारा इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शामिल होने के लिए जिले और प्रदेश के लोगों से अपील किया गया है। प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाने के दौरान अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, जिला नज़ारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीरज कुमार, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल प्रेमलाल सिंह, डीपीएम जेएसएलपीएस विमलेश शुक्ला समेत अन्य संबंधित उपस्थित थे।