पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की आगामी TRE 4 परीक्षा में पीटी-मेंस व्यवस्था और निगेटिव मार्किंग को खत्म करने तथा शत-प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर राजधानी पटना की सड़कें जंग का मैदान बन गईं। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के अमन गुट के आह्वान पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए।
जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़ी, डाकबंगला चौराहे पर झड़प
आंदोलन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से हुई। सीएम आवास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन छात्रों के आक्रोशित हुजूम ने सुरक्षा घेरे को तोड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सीधे डाकबंगला चौराहे पर पहुंच गए और वहां लगाई गई घेराबंदी को भी ध्वस्त कर दिया। हालांकि, मेट्रो निर्माण के लिए लगाई गई लोहे की शील्ड के कारण छात्र आगे नहीं बढ़ सके।
वाटर कैनन और लाठीचार्ज से तितर-बितर किए गए छात्र
डाकबंगला चौराहे पर स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने एक्शन मोड अपनाते हुए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी जब छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं हुए, तो पुलिस ने तीखा लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की चलती रही।
सुरक्षा बल तैनात, कई हिरासत में
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पटना शहर में सीआरपीएफ की टुकड़ियों को तैनात किया गया है। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर डटा हुआ है। प्रदर्शन कर रहे कई छात्र-छात्राओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, मुख्यमंत्री आवास के आसपास भी सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।





