मुंबई: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) को बड़ा झटका लगा है। मुंबई पुलिस ने रविवार को पार्टी को वहां प्रदर्शन करने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है। पुलिस के इस कदम के बाद CJP ने मुंबई में 'जेल भरो आंदोलन' शुरू करने का ऐलान कर दिया है।
इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की और पुतला दहन
साइलेंस जोन का हवाला: पुलिस के पास अनुमति का अधिकार नहीं मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के 2013 के आदेश और महाराष्ट्र सरकार के दिशानिर्देशों के तहत शिवाजी पार्क एक 'साइलेंस जोन' (Silence Zone) घोषित है। इस वजह से पुलिस के पास वहां किसी भी प्रकार की जनसभा या प्रदर्शन की अनुमति देने का कानूनी अधिकार नहीं है। पुलिस प्रशासन ने आवेदक अजिंक्य शिंदे को स्थिति से अवगत कराते हुए सुझाव दिया है कि वे विरोध प्रदर्शन के लिए शहर में किसी अन्य उपयुक्त स्थल का चयन कर नया आवेदन प्रस्तुत करें, जिस पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ेंः उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से हटाने के दौरान पथराव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
'जेल भरो आंदोलन' की चेतावनी CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते हैं, तो पार्टी 2 अक्टूबर से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगी। अनुमति रद्द होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए CJP ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार छीना जा रहा है। संगठन ने कहा कि इजाजत न मिलने की सूरत में वे महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलते हुए 2 अक्टूबर को 'जेल भरो आंदोलन' का आगाज करेंगे।





