नई दिल्ली। वोटर लिस्ट में कथित हेरफेर और विवादित बदलावों को लेकर विपक्षी दलों (इंडी गठबंधन) ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को चुनाव आयोग मुख्यालय का घेराव करने निकले विपक्षी नेताओं के मार्च को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया, जिसके बाद दिल्ली की सड़कों पर जोरदार हंगामा देखने को मिला।

चुनाव आयोग जाने की जिद पर अड़े कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद आकाशवाणी परिसर में पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए। इससे पहले राहुल गांधी हाथों में तिरंगा थामे पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ते नजर आए। वहीं, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी को हिरासत में ले लिया।

बैरिकेड्स लगाकर रोका मार्च, जमकर हुई नारेबाजी

नीति आयोग के दफ्तर के पास दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए भारी बैरिकेडिंग की थी। जैसे ही विपक्षी सांसदों का मार्च चुनाव आयोग की ओर बढ़ा, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहीं रोक दिया। इस दौरान गुस्साए सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ "वोट चोर" जैसे तीखे नारे लगाए। मार्च में शामिल सांसद आरएसएस (RSS) की गणवेश पहने मुख्य चुनाव आयुक्त के कटआउट भी हाथ में लिए हुए थे।

इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका: सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को भेजा नोटिस, अंतरिम रोक से इनकार

विपक्षी दिग्गजों ने साधा चुनाव आयोग पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए:

  • रामगोपाल यादव (सपा): "अगर बड़े पैमाने पर लोगों के वोट मिटाकर सत्ता हथिया ली जाए तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है? यह सबसे महत्वपूर्ण लड़ाई है।"
  • विवेक तन्खा (कांग्रेस): "यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। चुनाव आयोग का सरकार की कठपुतली बनकर काम करना देश को स्वीकार्य नहीं है।"
  • पवन खेड़ा (कांग्रेस): "हमने ज्ञानेश कुमार पर कभी भरोसा नहीं किया, अब स्पष्ट हो गया है कि वह इस पद के योग्य नहीं हैं।"
  • इकरा हसन (सपा): "विपक्ष पहले दिन से कह रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्ष रहने के बजाय एकतरफा काम कर रहे हैं।"

इसे भी पढ़ेंः 'लोकतंत्र खतरे में': मतदाता सूचियों से अवैध बेदखली और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर पूर्व SC जज ने जताई चिंता

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस व अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। चुनाव आयोग मुख्यालय जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है और आने-जाने वाली गाड़ियों की कड़ी चेकिंग की जा रही है।

#ElectionCommission #Protest #RahulGandhi #PriyankaGandhi #AkhileshYadav #AbhishekBanerjee #VoterListControversy #GyaneshKumar #OppositionProtest #DelhiNews #IndianPolitics #DemocracyInDanger