नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में खेले गए FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान को 5-3 से शिकस्त दी। इस जीत के हीरो कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक रहे, जिन्होंने 2-2 गोल दागे।
इस परिणाम के साथ भारतीय टीम पूल D में 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले दौर में पहुंच गई है, जबकि इंग्लैंड तीनों मैच जीतकर 9 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। पाकिस्तान (3रा स्थान) और वेल्स (4था स्थान) 1-1 अंक के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
मैच का हाल: पहले क्वार्टर से ही भारत की पकड़
- शुरुआती बढ़त: मैच के 5वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। 11वें मिनट में अभिषेक ने मैदानी गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
- दूसरे क्वार्टर में गोलों की बारिश: दूसरे क्वार्टर के 4 मिनट के भीतर दोनों टीमों ने 4 गोल दागे। 21वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर से भारत का तीसरा गोल दागा। 22वें मिनट में पाकिस्तान ने अपना पहला गोल किया, लेकिन 24वें मिनट में अभिषेक ने भारत के लिए चौथा गोल कर दिया। इसी मिनट में पाकिस्तान ने भी एक और गोल दागा।
- हाफ टाइम और अंतिम मुहर: हाफ टाइम तक भारत 4-2 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर स्कोर 5-2 कर दिया। चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने एक और गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने 5-3 से जीत दर्ज कर ली।
पूल D में भारत का सफर
- पहला मैच: वेल्स के खिलाफ 3-1 से जीत
- दूसरा मैच: इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से हार
- तीसरा मैच: पाकिस्तान के खिलाफ 5-3 से शानदार जीत
पाकिस्तान पर पिछले 10 सालों से भारत का एकछत्र राज
इस जीत के साथ ही भारत का पिछले 10 वर्षों में पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रहने का शानदार रिकॉर्ड भी कायम रहा। भारत को आखिरी बार फरवरी 2016 में पाकिस्तान से हार मिली थी। तब से अब तक दोनों टीमों के बीच 21 मुकाबले खेले गए हैं:
- भारत की जीत: 18 मैच
- ड्रॉ: 2 मैच
- रद्द/बेनतीजा: 1 मैच





