खरड़ (मोहाली): पंजाब के मोहाली में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के दौरान एक रिहायशी सोसाइटी में नोटों की बारिश होने लगी। कार्रवाई से घबराए आरोपितों ने नौवीं मंजिल से कैश से भरे दो बैग नीचे फेंक दिए, जिससे पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।

9वीं मंजिल से गिरे बैग, बिखर गए 500-500 के नोट

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुबह करीब 7 बजे चज्जूमाजरा स्थित 'वेस्टर्न टावर्स' सोसाइटी पहुंची। टीम ने फ्लैट नंबर 906 में तलाशी शुरू की, जो आईटी कारोबारी नितिन गोयल से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच के दौरान अचानक खिड़की से दो बैग नीचे फेंके गए। बैग जैसे ही जमीन पर गिरे, उनमें रखे 500-500 रुपये के नोट परिसर में बिखर गए। चश्मदीदों के मुताबिक यह दृश्य किसी फिल्मी सीन जैसा था। ईडी ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों बैगों को कब्जे में ले लिया, जिनसे लगभग 21 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।

पंजाब में 12 ठिकानों पर ED का महा-अभियान

यह छापेमारी केवल एक फ्लैट तक सीमित नहीं थी। ईडी ने आज पंजाब में मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ बड़ा जाल बिछाते हुए मोहाली और चंडीगढ़ में कुल 12 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है। इस रडार पर कई बड़े बिल्डर्स और कंपनियां हैं:

सनटेक सिटी परियोजना

अल्टस बिल्डर्स और धीर कंस्ट्रक्शंस

एबीएस टाउनशिप्स प्राइवेट लिमिटेड

अजय सहगल और उनके अन्य सहयोगी

सियासी कनेक्शन की चर्चा हुई तेज

सूत्रों का दावा है कि जिस कारोबारी के यहाँ यह बरामदगी हुई है, उसके तार पंजाब सरकार के एक वरिष्ठ राजनीतिक पदाधिकारी के करीबियों से जुड़े हैं। हालांकि, ईडी ने अभी तक इस राजनीतिक संबंध या बरामद राशि पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। अधिकारी फिलहाल दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स को खंगालने में जुटे हैं।