T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के बीच हुआ एक वाकया सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। मैच खत्म होने के बाद कुलदीप ने सूर्या से हाथ तो मिलाया, लेकिन कंधे से हल्का धक्का देकर बिना नजर मिलाए आगे निकल गए। इस वायरल वीडियो और घटना पर अब पूर्व T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुद सच्चाई उजागर की है।

गेंदबाजी न मिलने से निराश थे कुलदीप

पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने बताया कि मैच के दौरान कुलदीप यादव अपनी गेंदबाजी का इंतजार कर रहे थे।

  • स्पेल की वजह से नाराजगी: सूर्या ने बताया, "मैच चल रहा था और कुलदीप काफी निराश थे क्योंकि वे गेंदबाजी करना चाहते थे। मैंने अक्षर पटेल का स्पेल पूरा कराया, फिर वरुण चक्रवर्ती, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या से बॉलिंग कराई। कुलदीप यही सोच रहे थे कि उन्हें गेंद कब मिलेगी।"
  • आसान कैच छूटा: सूर्या ने खुलासा किया कि जब कुलदीप लॉन्ग-ऑन पर फील्डिंग कर रहे थे, तब एक आसान कैच आया जो उनसे छूट गया। उन्होंने कहा, "मुझे उस वक्त बहुत गुस्सा आया। अगर कोई कोशिश करते हुए कैच छोड़ता है तो बात समझ आती है, लेकिन उन्होंने कैच लपकने का प्रयास ही नहीं किया।"

मैच के बाद दोनों गुस्से में थे, फिर बनाई वायरल रील

मैच जीतने के बाद जब दोनों आमने-सामने आए, तो कुलदीप ने सूर्या को कंधे से धक्का दिया और आगे बढ़ गए। इस दृश्य को देखकर सूर्या भी हैरान रह गए थे।

सूर्या ने बताया कि मैच के बाद जब दोनों मिले तो एक-दूसरे को गुस्से में देख रहे थे। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि यह कोई गंभीर लड़ाई या बड़ा मुद्दा नहीं था। जब भारतीय टीम अहमदाबाद पहुंची, तो सूर्यकुमार के दिमाग में उसी घटना पर एक फनी रील बनाने का विचार आया। दोनों ने मिलकर वह रील बनाई, जिसने बाद में इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोरीं।