बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के मुंबई स्थित घर पर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साउथ मुंबई के चर्चगेट इलाके में स्थित उनके फ्लैट से ₹5 लाख मूल्य के हीरे और सोने के कीमती कंगन चोरी हो गए थे। मरीन ड्राइव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में काम करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
साढ़े 5 महीने तक समझाया, नहीं मानी तो बुलाई पुलिस
पुलिस के अनुसार, यह वारदात इसी साल जनवरी में हुई थी। आशा पटेल को अपने घर में पिछले डेढ़ साल से काम कर रही 40 वर्षीय हाउस हेल्प सीमा विनोद घाटे पर ही शुरुआती दिन से शक था।
- मुकदमा दर्ज कराने में देरी: आशा पटेल ने पुलिस में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के बजाय आरोपी सीमा को लगभग 5-6 महीनों तक खुद समझाया और चुपचाप कंगन वापस करने का मौका दिया।
- FIR और गिरफ्तारी: सीमा द्वारा चोरी की बात कबूल न करने पर आशा पटेल ने अंततः मरीन ड्राइव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस की क्राइम डिटेक्शन टीम ने लोकेशन ट्रैक कर आरोपी सीमा को विरार से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
अदालत ने भेजा पुलिस रिमांड पर
आरोपी सीमा को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 15 सितंबर तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, चोरी गए हीरे और सोने के कंगन अभी बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस अब कंगन की बरामदगी के साथ यह भी जांच कर रही है कि आरोपी महिला का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।
ढाई साल से बड़े पर्दे से दूर हैं अमीषा पटेल
अमीषा पटेल के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह पिछले लंबे समय से बड़े पर्दे से गायब हैं। उनकी आखिरी हिट फिल्म साल 2023 में आई सुपरहिट ब्लॉकबस्टर ‘गदर 2’ थी। इसके बाद जनवरी 2024 में उनकी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘तौबा तेरा जलवा’ रिलीज हुई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर असफल रही। फिलहाल अभिनेत्री ने अपने किसी नए प्रोजेक्ट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।





