प्रतिनिधि,गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड के बलबल नदी से अवैध बालू उठाव की खबर लगातार प्रकाशित हो रही है,जिसके आलोक में शनिवार को अंचल अधिकारी जयशंकर पाठक व थाना प्रभारी कन्हैया कुमार यादव के नेतृत्व में टीम गठन कर बलबल नदी सहित आसपास जंगली क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया गया।
सूचना मिलने के पश्चात बालू माफियाओं ने विभिन्न स्थानों पर बालू से लदे ट्रैक्टर को छुपा दिया,जबकि इंजन लेकर फरार हो गए। इस क्रम में अवैध रूप से लदा तीन ट्रॉली बालू जब्त कर पुलिस थाना ले आई है। इस बाबत अंचल अधिकारी के फर्द बयान पर अवैध खनन को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बताया जाता है कि अवैध बालू खनन में द्वारी पंचायत के कई सफेदपोश माफियाओं की भी मिलीभगत है। प्रशासन के पहुंचने की सभी जगह सूचनाएं फैला दी जाती है और नदी से ट्रैक्टर लेकर बालू माफिया समय रहते फरार हो जा रहे हैं।यहां तक की कटकमसांडी,पत्थलगड्ढा व गिद्धौर थाना की सिमना का भी बालू माफियाओं द्वारा जम कर उठाया जा रहा हैं।





