प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह के दो टीएमटी कंपनी मोंगिया स्टील और सलूजा स्टील के साथ साथ लाल फेरो एलॉयज कंपनी प्राईवेट लिमिटेड में इनकम टैक्स विभाग द्वारा छापेमारी की कार्रवाई अगले दो दिनों और जारी रहने का अनुमान है, क्योंकि पिछले दो दिनों में इनकम टैक्स के 70 से अधिक अधिकारियों की टीम तीनों औद्योगिक इकाइयों के गिरिडीह के सभी ठिकानो समेत कोलकाता, रांची और देवघर में भी उनके सारे दस्तावेजों और कंप्यूटर को खंगाल रही है,लेकिन इनकम टैक्स सूत्रों की मानें तो पिछले दो दिनों की कार्रवाई के भीतर ही इनकम टैक्स के अधिकारियों को मोंगिया समूह के गिरिडीह ठिकानों से सवा करोड़ रुपए नगद बरामद हुए हैं। तो सलूजा स्टील से भी लाखों रुपए मिलने की बात सामने आई है। दोनों समूह मिलाकर डेढ़ करोड़ नगद मिलने की बात कही जा रही है। वहीं लाल फेरो के सबसे बड़े शेयर होल्डर गंगाधर उर्फ गांगो साव के घर से एक करोड़ नगद बरामद हुआ।इतना ही नही पिछले दो दिनो की कार्रवाई के दौरान मोंगिया समूह में डेढ़ सौ करोड़ यानि, डेढ़ अरब से अधिक के वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आ चुका है। मतलब साफ है कि पिछले चार सालों से इनकम टैक्स की आंखों में धूल झोंक कर मोंगिया स्टील समूह द्वारा वित्तीय गड़बड़ी कर फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। तो सलूजा स्टील में कई दस्तावेज अब भी खंगाले जा रहे है,लेकिन इनकम टैक्स सूत्रों की मानें तो सलूजा स्टील में वित्तीय गड़बड़ी का मामला करोड़ो में होने की उम्मीद है। लिहाजा, मोंगिया और सलूजा स्टील समूह के साथ लाल फेरो के तमाम ठिकानों में अगले और दो दिनों तक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगालने की संभावना अधिक बढ़ गई है। हालांकि अब तक हुए कार्रवाई के दौरान मोंगिया स्टील में जितने दस्तावेज मिले है। वो छड़ और कच्चा माल से लेकर जमीन के खरीद-ब्रिकी से जुड़े हुए है और इन्हें भी अधिकारियों द्वारा खंगाला जा रहा है। इनकम टैक्स की कार्रवाई को पूरे दो दिन बीत चुके है।इस बीच दो दिनों की कार्रवाई के दौरान इनकम टैक्स के अधिकारियों को मोंगिया स्टील समूह के चैयरमेन डॉक्टर गुणवंत सिंह सलूजा के शहर के नेताजी चौक स्थित नवनिर्मित आवास के उपरी हिस्से में हैलीपेड दिखा। तो इनकम टैक्स के अधिकारी भी चौंक गए। वैसे हैलीपेड मिलने की अधिकारिक पुष्टि तो नहीं हो पाई, लेकिन अधिकारियों में चर्चा होने की बात कही जा रही है। वैसे कार्रवाई के दौरान सलूजा स्टील समूह के चैयरमेन अमरजीत सिंह सलूजा और मोंगिया स्टील समूह के चैयरमेन समेत दोनों समूह के स्वजनों द्वारा इनकम टैक्स के अधिकारियों को पूरा सहयोग किए जाने की बात कही जा रही है।





