प्रतिनिधि,चतरा। उपायुक्त अबु इमरान के निर्देश पर गठित जिला टास्क फोर्स की टीम ने लगातार दूसरे दिन रविवार को अवैध खनन व क्रेसर उद्योग के खिलाफ बुलडोजर चलाया। रविवार को टास्क फोर्स की टीम ने सदर प्रखंड के उंटा में बिना सीटीई प्रमाणपत्र के संचालित व्यवसायी रुद्र प्रताप सिंह उर्फ रिशु सिंह का हॉट मिक्सिंग प्लांट पर बुलडोजर चलाया। वहीं धमनियां इलाके व लोवागड्डा में संचालित सात अवैध क्रेसर ध्वस्त कर दिए।





इस आशय की जानकारी देते हुए जिला खनन पदाधिकारी गोपाल दास ने बताया कि सूचना मिली थी कि जिन क्रेशरों को अपेक्षित कागजात के अभाव में शिकायत मिलने के पश्चात लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। पुनः क्रेसर का संचालन कर रहे हैं। सूचना के आलोक में रविवार को कार्यवाई की गई।उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जिला टास्क फोर्स का गठन कर अभियान चलाया गया।अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी कर रहे थे।





उन्होंने बताया कि जिला टास्क फोर्स की टीम ने सदर प्रखंड के उंटा,धमनियां,खरीक व मिश्रौल में रद्द लाइसेंसधारी क्रेसरों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के क्रम में एक हॉट मिक्सिंग प्लांट व सात अवैध क्रेसर को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जिन क्रेसर व हॉट मिक्सिंग प्लांट को ध्वस्त किया गया है।उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।अवैध क्रेसर परिसर से लगभग 20 हजार टन चिप्स व 7 हजार टन बोल्डर बरामद किया गया है।





ज्ञात हो कि जिला टास्क फोर्स ने हॉट मिक्स प्लांट- रुद्र प्रताप सिंह उर्फ रिशु सिंह-मौजा-लोवागड्डा,में हरिओम स्टोन क्रेसर प्रो-चुन्नू सिंह,में गौतम स्टोन-भीम सिंह,संजय सिंह,में जयशक्ति कंस्ट्रक्शन-देवेंद्र पंडित,मेस बजरंग स्टोन-बिकास कुमार(खरीक) के खिलाफ कार्रवाई की गई है व प्राथमिकी दर्ज करने के लिए स्थानीय थाना में आवेदन दिया गया है।