प्रतिनिधि,चतरा। उपायुक्त अबू इमरान के निर्देश पर एसडीओ मो मुमताज अंसारी और डीएमओ गोपाल दास के नेतृत्व में अवैध क्रेशर मशीन पर प्रशासन का बुलडोजर चला। विभिन्न क्षेत्रों से आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कार्य करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मोनिया पंचायत के लोधया गांव में अवैध रूप से संचालित सात आधा क्रेशर मशीन को प्रशासन ने बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया। ध्वस्त किए गए क्रेशर कंपनियों में मेसर्स जनता स्टोन वर्क्स,मेसर्स जय बजरंग स्टोन चिप्स,मेसर्स एमटीएस स्टोन चिप्स,पूजा स्टोन चिप्स,मेसर्स जय बंजरग स्टोन वर्क्स के अतिरिक्त अज्ञात एवं आठ ट्रैक्टर मालिकों पर सुसंगित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बिहार बॉर्डर में वर्षों से लोधिया व जयपुर गांव में अवैध रूप से बे रोक टोक क्रेशर मशीन संचालित है। इसकी सूचना लगातार प्रशासन को मिल रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है।वहीं दूसरी ओर अवैध रूप से नदी से बालू खनन कर रहे इटखोरी में तीन,चतरा में एक,जोरी में दो और प्रतापपुर में दो ट्रैक्टर को जब्त किया गया है।इस तरह से कुल आठ ट्रैक्टर जब्त किया गया। अवैध बालू खनन को लेकर ट्रैक्टर के आठ लोगों और क्रेशर संचालकों के सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इस तरह से कुल पन्द्रह लोगों पर विधि सम्मत कार्रवाई करने की प्रक्रिया जारी है।
इस अभियान में एसडीओ मो मुमताज अंसारी, डीएमओ गोपाल दास के अतिरिक्त सीओ मो जुल्फिकार अंसारी ,पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी लव कुमार एवं प्रतापपुर थाना के शस्त्र बल के जवान शामिल थे।





