पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा। जिले के इटखोरी प्रखंड अवस्थित ऐतिहासिक भद्रकाली मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले राजकीय इटखोरी महोत्सव का आयोजन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरकार द्वारा निर्धारित तारीख के अनुसार 19, 20 और 21 फरवरी को किया जाना है।महोत्सव के भव्य और सफलतापूर्वक आयोजन कराने के लिए उपायुक्त-सह-अध्यक्ष,जिला पर्यटन संवर्धन परिषद चतरा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शनिवार को बैठक की गई।





इस बैठक में कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए कलाकारों का चयन,मंदिर परिसर के रंगरोगन,पेयजल,साफ सफाई समेत कई अन्य बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया। साथ ही पूर्व में हुए आयोजन के बारे में उपायुक्त ने विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा हर साल की भांति इस साल भी 19, 20 एवं 21 फरवरी 2025 को राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए आप सभी प्रशासन का सहयोग करें।





इस बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय,विधायक सिमरिया उज्ज्वल दास, जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रज किशोर तिवारी, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, इटखोरी प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यगण, मंदिर प्रबंधन न्यास बोर्ड के सभी सदस्य, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के पत्रकार समेत अन्य सभी संबंधित उपस्थित थे।