विशेष संवाददाता





रांची। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के फॉरेस्ट एंड टिम्बर उप समिति की बैठक चैंबर भवन में उप समिति चेयरमेन तुलसी पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में काष्ठ आधारित उद्योगों की स्थापना एवं विनियमन हेतु राज्य सरकार द्वारा गठित राज्यस्तरीय समिति की प्रधान मुख्य वन सरंक्षक व एचओएफएफ की अध्यक्षता में दिनांक 25.11.2021 को संपन्न हुई बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुपालन में हो रहे विलंब पर चर्चा की गई। यह कहा गया कि झारखंड राज्य में दिनांक 12.12.1996 के पूर्व से स्थापित वैध आरा मिलों, काष्ठ आधारित उद्योगों को अधिसूचित वन सीमा से 5 कि.मी. की न्यूनतम दूरी के बंधेज से छूट दिये जाने का निर्णय उक्त बैठक में लिया गया था। यह भी कहा गया था कि इसकी स्वीकृति एवं इस निमित आदेश, अधिसूचना निर्गमन हेतु राज्य सरकार द्वारा अनुशंसा भेंजी जायेगी। चिंतनीय है कि अब तक राज्य सरकार द्वारा इसकी अनुशंसा नहीं भेंजी गई है जिस कारण प्रदेश में आरा मिलों का व्यापार बंद पडा है। उप समिति चेयरमेन तुलसी पटेल ने कहा कि आरा मिलों की समस्याओं को लेकर जल्द ही चैंबर द्वारा माननीय मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध किया जायेगा।





विदित हो कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के वाद संख्या 202/1995 में पारित आदेश के आलोक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं भारत सरकार द्वारा काष्ठ आधारित उद्योग (स्थापित एवं विनियमन) दिशा-निर्देश 2016 में संशोधित संकल्प संख्या का.आ.3000(ख), दिनांक 11.09.2017 का निर्देश के अनुकरण में झारखण्ड सरकार द्वारा राज्यस्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति का कार्य झारखण्ड में अवस्थित आरा मिल एवं काष्ठ आधारित उद्योगों की समस्याओं एवं जनहित को देखते हुए निर्णय लेना है। इस आलोक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के वाद संख्या एसएलपी 22423 से 22469/2018 दायर याचिका जिसमें झारखण्ड सरकार को आदेश पारित किया गया है कि झारखण्ड में पूर्व से स्थापित आरा मिल जो वन सीमा से 5 कि.मी. की दूरी के अंदर हैं, उसे कम कर सकते हैं। इस निर्णय की अनुशंसा अब तक भारत सरकार को नहीं भेंजे जाने और माननीय सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा दायर नहीं किये जाने के कारण आरा मिलों का व्यापार बंद पडा है।





बैठक में उपस्थित सदस्यों ने राज्य सरकार से इस मामले में त्वरित संज्ञान लेने का अनुरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चैम्बर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने आरा मिल संचालकों को हरसंभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, अमित शर्मा, महासचिव डॉ अभिषेक रामाधीन, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, आरा मिल संचालक सुरेंद्र जैन, एके तिवारी, एमएल जैन, शंकर खेतान, अजय कुमार, संतोष सिंह उपस्थित थे।





स्पोर्ट्स उप समिति ने क्रिकेटर से की मुलाकात





झारखंड के विस्फोटक क्रिकेट बल्लेबाज ईशान किशन के रांची आगमन के दौरान झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के स्पोर्ट्स उप समिति द्वारा धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम में जाकर उन्हें हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गये मैच में डबल सेंचुरी बनाने पर बधाई दी गई। चैंबर प्रतिनिधियों की ओर से मिले प्रोत्साहन के लिए ईशान किशन ने आभार जताया। प्रतिनिधिमण्डल में स्पोर्ट्स उप समिति के चेयरमेन संतोष अग्रवाल, किशन अग्रवाल और राजीव प्रकाश चौधरी शामिल थे।