वाशिंगटन डीसी:
दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने साल 2026 के अमेरिकी मिड-टर्म चुनावों (Midterm Elections) में रिपब्लिकन पार्टी की पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया है। चुनाव अभियान से जुड़े वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक, मस्क अब तक कुल $366 मिलियन (लगभग 3,400 करोड़ रुपये) खर्च कर चुके हैं, जिसमें से $276 मिलियन की भारी-भरकम राशि अकेले जुलाई के बाद से दान की गई है।
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' और रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के अनुसार, इस रिकॉर्ड राजनीतिक चंदे के साथ मस्क इस चुनावी दौर के सबसे बड़े व्यक्तिगत दानदाता बन गए हैं।
मस्क के लिए क्यों अहम हैं ये चुनाव?
यह राजनीतिक निवेश ऐसे समय में किया गया है जब अमेरिकी संसद के दोनों सदनों—हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) और सीनेट पर डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण हासिल करने की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।
- व्यासायिक और राजनीतिक हित: अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स नेता स्पेसएक्स और टेस्ला जैसे उपक्रमों को मिलने वाले सरकारी ठेकों की कड़ी जांच की मांग कर रहे हैं।
- सरकारी दक्षता विभाग (DOGE): ट्रंप प्रशासन के तहत मस्क द्वारा संभाले गए सरकारी दक्षता विभाग के कामकाज को लेकर विपक्षी दल लगातार उन पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में संसद पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण रहना मस्क के व्यावसायिक हितों के लिए बेहद सुरक्षित माना जा रहा है।
कहां और किस संगठन को मिला कितना फंड?
मस्क द्वारा दिए गए चंदे का बड़ा हिस्सा विभिन्न सुपर पीएसी (Super PACs) के जरिए रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार में लगाया गया है:
- सीनेट लीडरशिप फंड ($158 मिलियन): सीनेट में रिपब्लिकन बहुमत के नेता जॉन थून से जुड़े इस संगठन को सबसे बड़ा हिस्सा मिला है, जो उच्च सदन में पार्टी को जिताने का काम कर रहा है।
- अमेरिका पीएसी ($76 मिलियन): यह मस्क का खुद का सुपर पीएसी है, जो सात प्रमुख बैटलग्राउंड राज्यों में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार और डोर-टू-डोर कैंपेन में जुटा है।
- कांग्रेस लीडरशिप फंड ($20 मिलियन): हाउस स्पीकर माइक जॉनसन से जुड़े इस फंड को प्रतिनिधि सभा की सीटों के लिए दिया गया है।
- अन्य योगदान: टेक्सास में सीनेट सीट के लिए लड़ रहे केन पैक्सटन के समर्थन वाले लोन स्टार लिबर्टी पीएसी को $10 मिलियन, रिपब्लिकन गवर्नर्स एसोसिएशन को $10 मिलियन और रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल एसोसिएशन को $2 मिलियन दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ेंः ट्रंप की रूस से डीजल डील पर मचा बवाल: अमेरिकी सीनेटरों और जेलेंस्की ने की आलोचना
बर्नी सैंडर्स ने मस्क पर साधा तीखा निशाना
अमेरिकी सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने मिड-टर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के समर्थन में करोड़ों डॉलर झोंकने के लिए एलन मस्क की कड़ी आलोचना की है। सैंडर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए इसे 'कुलीनतंत्र' (Oligarchy) करार दिया।
"मस्क ने ट्रंप को जिताने के लिए पहले $290 मिलियन खर्च किए थे, जिसके बाद उनकी संपत्ति में भारी उछाल आया और वह दुनिया के पहले ट्रिलियनियर बन गए। अब वह संसद पर रिपब्लिकन का कब्जा बनाए रखने के लिए $366 मिलियन खर्च कर रहे हैं। इस रईस-वर्ग को रोकें।"
रिपब्लिकन पार्टी के सामने चुनौतियां
यह भारी-भरकम चुनावी खर्च ऐसे समय में हो रहा है जब रिपब्लिकन उम्मीदवारों को देश में महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत और डोनाल्ड ट्रंप की कम होती अप्रूवल रेटिंग जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके विपरीत, डेमोक्रेटिक पार्टी सरकार विरोधी माहौल का पूरा फायदा उठाकर संसद के दोनों सदनों पर नियंत्रण पाने की कोशिश में जुटी है।
#ElonMusk #USMidterms2026 #RepublicanParty #BernieSanders #USPolitics #AmericaPAC #DonaldTrump #DOGE #WorldNews





