नई दिल्ली: जापान के ऐची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों के लिए तय किए गए वेन्यू की सुविधाओं से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) बेहद असंतुष्ट हैं। चीन में हुए पिछले एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम इस बार भी मजबूत दावेदार के रूप में चुनी गई है, लेकिन खराब इंतजामों के चलते BCCI अब मुख्य खिलाड़ियों की जगह दूसरे दर्जे की टीम भेजने पर विचार कर सकता है।
किन व्यवस्थाओं से नाराज है बोर्ड? ANI की रिपोर्ट के अनुसार, BCCI सूत्रों ने वेन्यू और आयोजकों की बुनियादी सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं:
- टेंट में ड्रेसिंग रूम: मैच वाले मैदान पर खिलाड़ियों के तैयार होने के लिए स्थाई ड्रेसिंग रूम की जगह टेंट लगाए जा रहे हैं।
- दूर वॉशरूम: खिलाड़ियों के इस्तेमाल के लिए वॉशरूम इन टेंटों से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित हैं।
- होटल की समस्या: खिलाड़ियों के ठहरने के लिए जो होटल दिए गए हैं, वे बहुत छोटे हैं।
BCCI का अगला कदम ACC की बैठक में जापान ओलंपिक कमेटी के सामने इन आपत्तियों को रखा गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए BCCI जल्द ही एक पर्यवेक्षक (Observer) को जापान भेजेगा। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर ही फैसला लिया जाएगा कि मुख्य खिलाड़ियों को भेजा जाए या स्क्वॉड में बदलाव किया जाए।
फिलहाल घोषित मजबूत भारतीय टीमें एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट मैच 17 से 22 सितंबर और पुरुष मैच 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाने हैं।
- पुरुष टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, नीतिश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह।
- महिला टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), ऋचा घोष, जी. कमलिनी, शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, भारती फूलमाली, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदिनी शर्मा।





