प्रतिनिधि,चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के अंतर्गत शुक्रवार को खेले गए मैच में एमसीसी चाईबासा ने एकतरफा मुकाबले में प्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा को 122 रनों के भारी अंतर से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए।





स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस एम सी सी चाईबासा के कप्तान अनुराग संजय पुर्ति ने जीता तथा रनों से भरे विकेट पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित हुआ जब एम सी सी के बल्लेबाजों ने निर्धारित 35 ओवर में मात्र तीन विकेट खोकर 364 रनों का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया जो अब तक का सर्वाधिक टीम स्कोर का रिकॉर्ड है। इससे पूर्व इस प्रतियोगिता में 2 दिसंबर को यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब चाईबासा ने टाउन क्लब चाईबासा के खिलाफ छः विकेट खोकर 358 रन बनाकर रिकार्ड बनाया था जो आज ध्वस्त हो गया।





एम सी सी चाईबासा की शुरुआत ही काफी अच्छी रही। दोनों उद्घाटक बल्लेबाज जयप्रकाश एवं समिक कर्मकार ने धुआँधार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20.3 ओवर में 217 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। 21वें ओवर में जब जयप्रकाश के रूप में पहला विकेट गिरा तब तक जयप्रकाश ने मात्र 72 गेंदों पर 14 चौके एवं 11 छक्के लगाकर 141 रन ठोक डाले थे। दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज समिक कर्मकार ने भी 77 गेदों का सामना करते हुए 15 चौके एवं एक छक्का की मदद से 106 रनों की शतकीय पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में कप्तान अनुराग संजय ने चार चौकों एवं पाँच छक्कों की सहायता से 68 नाबाद एवं कुमार करण ने 39 रन बनाए। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से सुधांशु पाल, आदित्य चौहान एवं सिद्धार्थ अग्रवाल को एक-एक सफलता हाथ लगी।





जीत के लिए 365 रनों के पहाड़ सा लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया पर निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 242 रन ही जोड़ पाई। पिछले मैच में प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से शतकीय पारी खेलने वाले सिद्धार्थ अग्रवाल ने आज फिर एक बार अच्छी बल्लेबाजी की और सात चौकों एवं पाच छक्कों की सहायता से 83 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में चंदन कुमार ने 36, आशुतोष यादव ने 33 एवं प्रभात बोयपाई ने 32 रन अपने टीम के लिए जुटाए पर यह नाकाफी साबित हुआ। एम सी सी चाईबासा की ओर से मध्यम तेज गेंदबाज़ अजीत कुमार सिंह ने 34 रन देकर तीन विकेट तथा विशाल ने 60 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। कुंदन कुमार को एक विकेट मिला।





एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग में कल एम सी सी चाईबासा का मुकाबला टॉउन क्लब चाईबासा से होगा। ज्ञातव्य हो कि 1 दिसम्बर से शुरू हुए एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग में अपने सभी चारों मैच जीतकर सेरसा चक्रधरपुर की टीम पहले ही फाईनल में प्रवेश कर चुकी है।