नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत तथा योग गुरु स्वामी रामदेव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में स्वामी रामदेव द्वारा एक कार्यक्रम में कंगना के 'जेन-जी' (Gen Z) पर दिए बयान की तीखी आलोचना किए जाने के बाद अब कंगना ने उन पर कड़ा पलटवार किया है।
कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्वामी रामदेव के बयान की एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए तीखा हमला बोला और सुप्रीम कोर्ट की फटकार का जिक्र कर दिया।
विवाद से जुड़े मुख्य बिंदु और बयान:
- कंगना रनौत का पलटवार: कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "बाबाजी मेरी जवानी और बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखिए। अफवाहों और गपशप के आधार पर कोई भी अंदाजा लगा सकता है। कम से कम मुझे झूठे और फर्जी दावों के लिए सुप्रीम कोर्ट से फटकार तो नहीं लगी है। यह सच्चाई है, कोई गपशप नहीं।"
- बाबा रामदेव का बयान: एक कार्यक्रम में जब कंगना रनौत द्वारा युवाओं को 'गटर जेनरेशन' कहे जाने पर सवाल पूछा, तो रामदेव ने कहा था, "उनकी क्वालिफिकेशन क्या है? उनका बचपन और जवानी कैसी रही है? उनके पहले के कारनामे कैसे रहे हैं? ऐसे ही किसी भी युवा को गटर-पटर बोलना बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। उनकी पार्टी को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।"
- 'योग की तारीफ करने से गुनाह माफ नहीं होंगे': यह कहे जाने पर कि कंगना योग की प्रशंसक हैं और खुद को सनातनी बताती हैं, रामदेव ने कहा कि कोई अगर योग की तारीफ करे तो वे उसके गलत बयानों पर लीपापोती नहीं कर सकते।
- युवा देश की ताकत: स्वामी रामदेव ने जोर देकर कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है, जिसमें हर समाज और वर्ग के बच्चे शामिल हैं। युवाओं का अपमान किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराया जा सकता।





