प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जहां एक ओर टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) शहर के कमांड एरिया समेत अन्य क्षेत्रों में सीएसआर के तहत नागरिकों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य जैसे गुणवत्तापूर्ण सड़क, साफ सफाई, पानी, बिजली, स्वास्थ्य आदि की सुविधा उपलब्ध करा रही है। वहीं दूसरी ओर यहां रहने वाले लोग ही इन्हें बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। जिसका ताजा उदाहरण कदमा भाटिया बस्ती हनुमान मंदिर कैंपस और वर्कस फ्लैट के बीच खुदी हुई सड़क को देखने से पता चलता है।बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर कैंपस के मालिक निर्दोष चौधरी ने अपने निजी स्वार्थ के लिए टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा बनाई गई अच्छी खासी सड़क को बिना किसी से अनुमति लिए ही खोदकर बर्बाद कर दिया है।





बीते बुधवार की रात्रि उन्होंने मजदूरों द्वारा ब्रेकर के माध्यम से इस पार से उस पार तक पूरी सड़क खुदवा डाली। साथ ही उसमें मंदिर से निकलने वाली पानी की निकासी के लिए पाइप भी डलवा दिया। जिसके बाद पुनः उन्होंने खुदाई से निकले मिट्टी और गिट्टी से वापस गड्ढे को भरवा दिया। वहीं गुरुवार की सुबह जब क्षेत्र के लोगों की नजर उसपर पड़ी तो सभी इसकी ही चर्चा कर रहे थे। सिर्फ इतना ही नहीं, कदमा बाजार में लोगों के वाहनों के लिए लाखों की लागत से बनाई गई पार्किंग पर दुकानदारों ने कब्जा जमा लिया है। विगत दिनों जब जमशेदपुर अक्षेस विभाग और टाटा स्टील कंपनी के सुरक्षाकर्मियों द्वारा पार्किंग को कब्जा मुक्त कराने की कोशिश की गई तो दुकानदारों ने एकजुट होकर पथराव कर दिया था। जिसमें जमशेदपुर अक्षेस विभाग की एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद कदमा थाने में आरोपी दुकानदारों के विरुद्ध मामला भी दर्ज कराया गया था। मगर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि टाटा स्टील यूआईएसएल कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन से सुकन्या दास ने कहा कि ऐसा किसी भी मामले का पता चलने पर टीम जांच कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करती है और इस मामले में भी कार्रवाई की जाएगी।