प्रतिनिधि जमशेदपुर।कदमा थाना अंतर्गत रामजनम नगर रोड नंबर 9 निवासी बिहार बक्सर की रहने वाली विवाहिता नम्रता शर्मा ने शुक्रवार की देर रात्रि फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। वहीं घटना की जानकारी पाकर पति दीप नारायण शर्मा ने आसपास के लोगों की मदद से उसे उतारकर टीएमएच पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया। घटना के वक्त पति पत्नी ही घर पर मौजूद थे।





शनिवार को बक्सर से शहर पहुंचे मृत नम्रता के पिता मनोज शर्मा का आरोप है कि उसकी बेटी को गला घोंट कर मारा गया है और फिर उसके शव फांसी का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया। साथ ही मनोज शर्मा ने थाने में लिखित रूप से आवेदन देकर नम्रता शर्मा के पति दीप नारायण शर्मा, सास उर्मिला शर्मा, ननद अंजली शर्मा, जीजा संजीव शर्मा और देवर अभिषेक शर्मा पर हत्या करने का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





मामले में मनोज शर्मा ने बताया कि नम्रता शर्मा का विवाह 21 नवंबर 2021 को दीप नारायण शर्मा के साथ हुआ था। विवाह के 6 माह तक सब कुछ ठीक-ठाक रहा। जिसके बाद नम्रता से दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। छह माह बाद पति दीप नारायण शर्मा ने बेटी को जबरन मायके पहुंचा दिया था। साथ ही वह उसे महीनों तक लेने भी नहीं आया। मगर सामाजिक तौर पर बातचीत के बाद ढाई महीने पहले उसे लेकर आया। फोन पर बातचीत के दौरान बेटी पर नजर रखी जाती थी। जबकि 23 दिसंबर को ससुराल से उन्हें फोन आया कि वे अपनी बेटी को आकर ले जाएं। जिसके बाद दीप नारायण शर्मा ने फोन किया कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। यह खबर सुनकर वे आनन-फानन में घर से निकलकर 23 दिसंबर की शाम 6 बजे कदमा रामजनम नगर स्थित बेटी के ससुराल पहुंचे तो पता चला कि बेटी का शव अस्पताल में हैं। जिसके बाद शनिवार की सुबह वे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मांग की है कि उनकी बेटी के हत्यारों को जल्द से जल्द सजा दी जाए। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। साथ ही पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।