मुंबई/नई दिल्ली: मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दिल्ली में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और अपने पुराने विवादित ट्रैक को गाने के मामले में अब उन पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। महाराष्ट्र साइबर सेल द्वारा बार-बार समन भेजे जाने के बाद आखिरकार हनी सिंह को अधिकारियों के सामने पेश होना पड़ा है।
चौथे समन पर खारिज हुई मोहलत, होना पड़ा पेश
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कॉन्सर्ट विवाद मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने यो यो हनी सिंह को पूछताछ में शामिल होने के लिए कुल चार समन जारी किए थे। इससे पहले के तीन समन में वह विदेश में होने का हवाला देकर पेश होने से बचते रहे थे।
हाल ही में जब उन्हें चौथा समन मिला, तो उनकी कानूनी टीम ने जांच अधिकारियों से 22 अक्टूबर तक का वक्त मांगा था। हालांकि, साइबर सेल ने उनकी इस अपील को सिरे से खारिज कर दिया और उन्हें सख्त निर्देश देते हुए निर्धारित तिथि यानी 16 अक्टूबर को ही हाजिर होने का आदेश दिया। कड़े रुख के बाद सिंगर को आखिरकार पूछताछ के लिए साइबर सेल के सामने पेश होना पड़ा, जहां इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ेंः सुप्रीम कोर्ट से अभिनेता राजपाल यादव को राहत: चेक बाउंस मामला मध्यस्थता के लिए भेजा
क्या है पूरा मामला और विवाद की जड़?
यह पूरा विवाद तब तूल पकड़ा जब दिल्ली में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह पर कुछ ऐसी टिप्पणियां करने और साल 2006 के अपने बेहद विवादित शुरुआती अंडरग्राउंड ट्रैक ‘वॉल्यूम 1’ की कुछ लाइनों को गाने का आरोप लगा।
इस घटना के बाद ‘हिंदू शक्ति दल’ की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए कॉन्सर्ट में गाए गए इस गाने और टिप्पणियों के बोल वल्गर (अशलील) और महिलाओं के प्रति अपमानजनक थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसी साल अप्रैल में दिल्ली हाईकोर्ट ने इस पर कड़ा रुख अपनाया था और केंद्र सरकार तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को इस गाने के सभी URLs को इंटरनेट से तुरंत हटाने के निर्देश दिए थे।
#YoYoHoneySingh #CyberCell #DelhiConcertControversy #Volume1Song #MumbaiNews #LegalTrouble #BollywoodNews #LatestUpdates





