प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कोवाली थाना अंतर्गत हल्दीपोखर में प्रतिबंधित मांस के साथ पुलिस टीम ने 5 आरोपियों को शुक्रवार गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इमरान अली और शमीम उर्फ पप्पू द्वारा चोरी-छिपे प्रतिबंधित मांस के खरीद बिक्री का कारोबार किया जाता है। साथ ही प्रतिबंधित मांस बाहर भी भेजा जाता है। जिसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के आदेश पर हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर शनिवार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जेल जाने वाले आरोपियों में कोवाली हल्दीपोखर निवासी इमरान अली, साबीर अली उर्फ धोलो, शमीम उर्फ पप्पू, नइमूल होदा उर्फ लडू और हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती का रहने वाला अख्तर हुसैन उर्फ माधव शामिल है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 500 किलो प्रतिबंधित मांस, मांस काटने में प्रयुक्त चापड़, 15 पीस लोहे का हुक, मांस तौलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, 5 पीस लकड़ी का बोटा समेत 17 जीवित पशुओं को बरामद किया। वहीं बरामद पशुओं को चाकुलिया स्थित गौशाला भेज दिया गया है।
छापेमारी टीम में मुसाबनी डीएसपी चंद्रशेखर आजाद, जादूगोड़ा अंचल इंस्पेक्टर इंद्रदेव राम, कोवाली थाना प्रभारी रंजीत उरांव, बागबेड़ा थाना एसआई हर्षवर्धन कुमार सिंह, गोलमुरी थाना एसआई निलेश सिंह, नंदकिशोर तिवारी, अनिकेत कुमार गुप्ता, जुगसलाई थाना एसआई शमीम खान, आशुतोष रजक, मनोज कुमार गुप्ता, पवन कुमार राम, किशोर मुंडा समेत सशस्त्र पुलिस बल शामिल थी।





