गोला थाना क्षेत्र के बड़काजारा से हो रहा कोयले का अवैध कारोबार
होली के दिन लोग थे मस्त,अवैध कारोबारी थे अपने काले कार्य में व्यस्त
जिला प्रशासन अवैध खनन पर लगातार कस रहा है नकेल
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गोला(रामगढ़)।गोला थाना क्षेत्र के बड़काजारा इस समय कोयले के अवैध कारोबारियों का चारागाह बना हुआ है।यहां से व्यापक रूप से कोयले का अवैध कारोबार किया जा रहा है।कोयला तस्कर प्रतिदिन दर्जनों ट्रक और हाईवा से कोयला बाहर के मंडियों में भेज रहे है।
बताया जाता है कि बड़काजारा से सटे भैरवी नदी किनारे कोयला का अवैध खदान है। इस अवैध खदान से पोकलेन से कोयला का कटाई हो रही है।ट्रैक्टर और बाइक से बीच जंगलों में डीपो बना कर कोयले को जमा किया जाता है।फिर रात के अंधेरों के साथ साथ दिन के उजाले में बेधड़क राज्य के विभिन्न मंडियों और कारखानों में भेजा जा रहा है।सरकार को इससे राजस्व की काफी क्षति हो रही है। ट्रकों में कोयला लोड होने के साथ कोयला तस्कर रेकी करने लग जाते हैं। बड़काजारा में कोयला तस्करी के लिए घने जंगलों को हथियार बनाया गया है।
कोयले की कटाई के लिए खदान में लगाया गया पोकलेन,ट्रैक्टर और बाइक से जंगलों में डीपो बनाया गया है।कोयला के अवैध कारोबारी बड़का जारा स्कूल के समीप रेकी के लिए कुछ लोगों को तैनात किया है।जंगल की तरफ आने और जाने वाले लोगों की निगरानी यह लोग करते हैं। बताया गया कि कोयला भंडार के अलावा लड़ना टांड़ के पास झाड़ियों में एक अलग डिपो बनाया गया है,वहां पर बाइक और साइकिल से कोयला जमा किया जाता है। साथ ही बुटगोड़वा स्थित एक ईंट भाठा में वृहद पैमाने पर कोयले का अवैध कारोबार किया जा रहा है। साथ ही नदी के पश्चिमी छोर पर जानिया मारा के पास एक अलग अवैध डिपो बनाया गया है। प्रतिदिन दर्जनों ट्रक कोयला अवैध ढंग से भेजा जा रहा है। इस धंधे में सफेदपोश के अलावा दबंग लोग भी शामिल रहते हैं। बता दें कि अवैध कोयला से संबंधित फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें कोयला में संलिप्त कई लोगों के नाम को भी वायरल किया गया है।बताया जाता है कि वर्षों पूर्व इस अंडरग्राउंड खदान से कोयला के अवध उत्खनन में कई मजदूर भी जान गवां चुके हैं।
जानकारी के अनुसार रंगों का त्यौहार होली के दिन लोग आपसी भाईचारे का प्रतीक पर्व मनाने में मस्त थे,लेकिन इस दिन भी कोयले के अवैध कारोबार अनवरत जारी रहा।
जिला प्रशासन विगत दिनों अवैध खनन के मुहाने को डोजरिंग कर नेस्तनाबूद कर रहा है। इसी कड़ी में मांडू,कुजू और रजरप्पा क्षेत्र के कई अवैध मुहानों को डोजरिंग कर ध्वस्त किया है। बावजूद इसके ये अवैध कारोबार अपना सर उठाते रहते है।





