पूर्वांचल सूर्य संवाददाता, पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के संयुक्त अध्यक्षता में वर्चुअल माध्यम से जिले की विधि-व्यवस्था से संबंधित बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी,थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि आगामी दिनों में रामनवमी,चैती नवरात्र,छठ पूजा आदि का आयोजन होना है।इसके लिए आवश्यक है कि जिलेभर में उचित विधि व्यवस्था का संधारण सुनिश्चित किया जाए।बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी,प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी को अपने कर्तव्य क्षेत्र में उपस्थित और तत्पर रहने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सभी अधिकारियों का दायित्व है कि क्षेत्र अंतर्गत संचालित सभी तरह के अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखें।पर्व के दौरान कोई भी अश्लीलता भरे गाना न बजने दें,इसका विशेष ध्यान रखें संबंधित पदाधिकारी।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन अखाड़ा समितियां से बेहतर समन्वय बनाकर सभी पर्व-त्योहार को संपन्न कराते आए हैं। किसी भी अपुष्ट सूचना/अफवाह का स्थानीय प्रशासन अथवा जिला नियंत्रण कक्ष और वरीय अधिकारी से सत्यापन जरूर करायें। मेला स्थलों पर समर्पित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। ड्रोन कैमरों से विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि प्रत्येक अखाड़ा समिति से वॉलंटियर्स की सूची जरूर लें।सभी अखाड़ा समिति, सभी वॉलंटियर को पहचान पत्र जरूर निर्गत करें। साथ ही सभी अखाड़ा समिति अपने वॉलंटियर्स की सूची फोन नंबर सहित स्थानीय थाना में उपलब्ध करा दें ताकि समन्वय बनाकर कार्य किया जा सके। सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर सभी पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया। सभी संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।





