चौपारण थाना प्रभारी थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को समूल नष्ट करने के लिए प्रतिबद्ध





अवैध अफीम खेती के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति के तहत कार्य कर रहे थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चौपारण(हजारीबाग)।चौपारण थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश अपनी टीम के साथ अवैध अफीम की खेती के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति को लागू कर रहे हैं। अब तक वन विभाग और चौपारण थाना प्रभारी द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में लगभग सैकड़ों एकड़ से अधिक अवैध अफीम की फसल नष्ट की जा चुकी है।थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने इस अभियान को लेकर स्पष्ट किया कि जब तक चौपारण क्षेत्र के जंगली इलाकों और रैयती जमीन से इस खतरनाक और जहरीले पदार्थ को खत्म नहीं कर दिया जाता, तब तक वे चैन से नहीं सोएंगे।पुलिस प्रशासन की यह मुहिम अब चौपारण के ग्रामीणों के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरी है।





इस अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई है, जिसमें चौपारण क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में अवैध अफीम की खेती नष्ट करने की मुहिम ने क्षेत्रवासियों के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया है कि पुलिस प्रशासन न केवल कानून की रक्षा कर रहा है, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से भी बचा रहा है।थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में यह अभियान जिले के अन्य क्षेत्रों के लिए भी मिसाल बन रहा है।





थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने कहा कि हम चौपारण को उड़ता पंजाब नहीं बनने देंगे। इस क्षेत्र में अफीम की खेती पर पूरी तरह से काबू पाया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ इस जंग में कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा और न ही किसी भी रूप में अवैध अफीम की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।





विदित हो कि चौपारण थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रादेशिक वन प्रक्षेत्र और गौतम बुद्ध वन्य प्राणी आश्रयणी क्षेत्र में वर्षों से अवैध अफीम की खेती होती रही है।क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों का धंधा वर्षो से फल फूल रहा है। राज्य में अवैध अफीम की खेती को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाए जा रहे हैं।चौपारण थाना क्षेत्र में भी जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। चौपारण थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश द्वारा चौपारण के बिहड़ जंगलों में अवैध अफीम की खेती को समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।





थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि मेरा उद्देश्य है कि थाना क्षेत्र से अवैध अफीम की खेती को समूल समाप्त करना। थाना प्रभारी और वन विभाग के द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर थाना क्षेत्र से सैकड़ों एकड़ अवैध अफीम की फसल को नष्ट किया गया है। अफीम की खेती को नष्ट करने के लिए पूर्व में भी कई बार अभियान चलाए गए हैं किंतु इस बार थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश द्वारा थाना क्षेत्र से अवैध अफीम की खेती को जड़ से मिटाने का यह प्रयास वास्तव में सराहनीय है।





थाना प्रभारी ने बताया की मादक पदार्थों के उत्पादन, संग्रहण और विपणन के द्वारा युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, मेरा उद्देश्य थाना क्षेत्र के युवा पीढ़ी को जहरीले मादक पदार्थों से बचाना है। साथ ही थाना क्षेत्र को अफीम की खेती से मुक्त करना है। थाना प्रभारी के इस कार्य की समाजसेवीयों और बुद्धिजीवियों ने एक सराहनीय कदम बताया है।