नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 'जंतर मंतर सीजन 2' जल्द शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर यूजर्स द्वारा पूछे जा रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बहुप्रतीक्षित जंतर-मंतर का दूसरा सीजन बहुत जल्द शुरू होने वाला है।

सीजन 2 के मुख्य एजेंडे को दिपके के हालिया बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने देश के ग्रामीण इलाकों में सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने की बात कही थी।

हॉल न मिलने और धमकियों का लगाया आरोप

मीडिया से बातचीत करते हुए अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि दिल्ली में उनकी पार्टी के वॉलंटियर्स की बैठक आयोजित करने में जानबूझकर रुकावटें पैदा की जा रही हैं:

  • ऊपर से दबाव का दावा: दिपके ने कहा कि दिल्ली में वालंटियर्स मीटिंग के लिए हॉल की तलाश की जा रही थी, लेकिन कई जगह 'ऊपर से दबाव' होने की बात कहकर बुकिंग से मना कर दिया गया।
  • हॉल मालिकों को धमकी: बड़ी मुश्किल से बुक कराए गए एक हॉल के संदर्भ में उन्होंने आरोप लगाया कि रसीद होने के बावजूद सुबह हॉल मालिकों को मीटिंग न होने देने के लिए धमकियां दी गईं।
  • भाजपा पर साधा निशाना: उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी देश के युवाओं से डरी हुई है। अगर उन्हें लगता है कि वे ऐसी हरकतों से हमें डरा देंगे, तो यह उनकी बहुत बड़ी भूल है।"

कानून-व्यवस्था और दिल्ली पुलिस पर सवाल

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी इस घटनाक्रम पर दिल्ली पुलिस और प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और क्या पुलिस केवल सत्तारूढ़ दल के लिए काम कर रही है? उन्होंने पुलिस प्रशासन से जनता के प्रति अपनी जवाबदेही तय करने का आग्रह किया।

15 अगस्त से शुरू होगा सरकारी स्कूलों का सोशल ऑडिट अभियान

इससे पूर्व सोमवार को अभिजीत दिपके ने देश के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की ढांचागत स्थिति में सुधार के लिए अभियान शुरू करने की बात कही थी।

15 अगस्त से शुरू होने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत:

  1. अभिभावकों (Parents) से स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का सोशल ऑडिट करने की अपील की गई है।
  2. ग्राम सरपंचों से अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की नैतिक जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया गया है।