पटना। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा के साथ अमर्यादित आचरण करने और उसका वीडियो वायरल करने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस की सख्त एनकाउंटर कार्रवाई के बाद अब प्रदेश का राजनीतिक पारा चढ़ गया है। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतन राम मांझी ने इस कार्रवाई के बहाने पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है।

'यादव भाई' वाले बयान पर मांझी का तंज

जीतन राम मांझी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने जमुई एनकाउंटर का जिक्र करते हुए लिखा कि हमारी नीति बातें बनाने की नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने की है—'हम' बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं।

मांझी ने तेजस्वी यादव के राजनीतिक दावों पर निशाना साधते हुए कहा:

"तेजस्वी जी कहते रहे हैं ना कि बिहार-यूपी का हर 'यादव' उनका भाई है, तो उन्हीं भाइयों में से कुछ ने जमुई में लड़की से छेड़खानी कर वीडियो बनाया था, ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके। अब तेजस्वी यादव कहेंगे—'देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया।'"

'सम्राट का सुशासन है भाई...': मांझी की चेतावनी

केंद्रीय मंत्री ने तेजस्वी यादव को स्पष्ट लहजे में चेतावनी देते हुए लिखा कि वे अपने समर्थकों और असामाजिक तत्वों को समझा लें। मांझी ने आगे लिखा, "मैं अभी भी कहूंगा तेजस्वी जी, अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए, वरना सम्राट की सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है। यह 'सम्राट का सुशासन' है भाई!"

क्या था जमुई का मामला?

गौरतलब है कि जमुई में 19 सितंबर को मड़वा पहाड़ के पास मनचलों ने एक नाबालिग छात्रा से बदसलूकी कर उसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिया था। घटना के बाद व्यापक जनआक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आक्रामक अभियान चलाया।

मंगलवार तड़के कुंदर बराज इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में पुलिस की गोली लगी, जबकि उसका साथी हरेराम यादव भागने के प्रयास में चोटिल हो गया और उसका पैर टूट गया। कड़े पुलिस घेरे में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 6 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।