विशेष संवाददाता,रांची। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा एवं राजी पड़हा केंद्रीय समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को जगन्नाथपुर स्थित रैन बसेरा में बैठक की गयी।इस बैठक में झारखंड अलग राज्य के मूल्यों की रक्षा एवं पहचान को बचाने को लेकर संकल्प लिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बिरसा चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप निर्मित कैलाशपति मिश्रा की प्रतिमा 9 जून तक हटा लेने के लिए जिला प्रशासन से आग्रह किया जाएगा। साथ ही संकल्प लिया कि प्रतिमा नहीं हटाए जाने की स्थिति में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा एवं राजी पड़हा केंद्रीय समिति सीधी कार्रवाई के लिए बाध्य होगी।बैठक में कहा गया कि कैलाशपति मिश्रा झारखंड अलग राज्य के विरोधी थे और यहां इनकी प्रतिमा झारखंडवासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।झारखंडी पहचान मिटाने के लिए प्रतिमा स्थापित करने का षड्यंत्र किया जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता राजी पड़हा केंद्रीय समिति महानगर अध्यक्ष विक्की पहान ने की। बैठक में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक पुष्कर महतो, राजी पड़हा केंद्रीय समिति के रंजीत उराव,सन्नी खलखो, आनंद तांबा, भुवनेश्वर केवट, अनिता पहान्, दिवाकर साहु, संतोष तिर्की, सोनू गुप्ता, मोहित करमाली जय कुमार बड़ाइक, मनोज तिर्की,संजय सरेंग,दीपक महली, प्रतिभा रानी ने कैलाशपति मिश्रा की प्रतिमा हटाओ झारखंड का सम्मन बढ़ावो का नारा बुलंद किया।





