वॉशिंगटन:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपने बयान और भौगोलिक गलतियों के चलते चर्चा में आ गए हैं। इस बार उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' (Truth Social) पर पोस्ट करते हुए ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव को गलती से भारत का राष्ट्रपति चुनाव बता दिया। हालांकि, विवाद और सोशल मीडिया पर फजीहत होने के बाद उन्होंने अपनी इस पोस्ट को संशोधित कर दिया।
अमेरिकी वोटिंग सिस्टम पर साध रहे थे निशाना
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका की चुनावी प्रणाली की तुलना दूसरे देशों से करते हुए उसे "भ्रष्ट" बता रहे थे। उन्होंने पहले अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और वोटिंग खत्म होने के कुछ ही समय बाद नतीजे भी सामने आ गए। उन्होंने आगे लिखा कि अमेरिका में कम वोटरों के बावजूद गिनती में हफ़्तों लग जाते हैं।
जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें निशाने पर ले लिया। कई यूजर्स ने याद दिलाया कि भारत में राष्ट्रपति चुनाव का चयन जनता सीधे मतदान द्वारा नहीं करती, बल्कि यह एक अप्रत्यक्ष (indirect) प्रणाली है।
गलती सुधारकर ब्राजील का किया जिक्र
फजीहत होने के बाद ट्रंप ने अपनी पोस्ट एडिट की और भारत की जगह ब्राजील का नाम लिखा:
"ब्राज़ील के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में आज 12.5 करोड़ लोगों ने वोट दिया... वोटिंग खत्म होने के कुछ ही देर बाद नतीजे भी आ गए! डेट्रॉइट, फिलाडेल्पिया, कैलिफ़ोर्निया और अमेरिका के कई दूसरे शहरों व राज्यों में नतीजे आने में हफ़्तों लग जाते हैं... अमेरिका में वोटिंग सिस्टम करप्ट है।"
इसे भी पढ़ेंः शेख हसीना की वापसी पर भारत का बड़ा बयान: 'कोई तय समयसीमा नहीं, पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन ज़रूरी'
नाम और स्थानों के भ्रम की पुरानी आदत
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप इस तरह के किसी भ्रम (Blunder) का शिकार हुए हों:
- जुलाई: ईरान के लिए "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ जापान" शब्द का प्रयोग किया था।
- जनवरी (दावोस): स्विट्जरलैंड के दावोस में भाषण के दौरान उन्होंने कई बार "ग्रीनलैंड" को "आइसलैंड" कहकर संबोधित किया था।
4 अक्टूबर को हुए थे ब्राजील में चुनाव
ट्रंप का यह बयान ब्राजील में 4 अक्टूबर को हुए राष्ट्रपति चुनाव के पहले चरण के मतदान के संदर्भ में था। इस चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा (45.16% वोट) और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो (47.03% वोट) के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। किसी भी प्रत्याशी को 50% से अधिक वैध वोट न मिलने के कारण अब 25 अक्टूबर को दूसरे चरण का मुकाबला (Run-off election) होगा।
#डोनाल्डट्रंप #अमेरिका #ब्राजीलचुनाव #भारत #ट्रूथसोशल #सोशलमीडिया
#DonaldTrump #TrumpBlunder #BrazilElections #USElections #TruthSocial #WorldNews

Santu Das



