नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की गुत्थी सुलझा ली है और इस मामले में तीन नाबालिगों समेत कुल चार आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल एक टेंपो भी बरामद कर लिया है।

सीसीटीवी की 50 से अधिक फुटेज खंगालने पर मिला सुराग अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन के अनुसार, 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना पुलिस को कुशक रोड स्थित लाल बाउंड्री के पास एक खेत के समीप खुले मैदान में किशोरी का क्षत-विक्षत शव मिला था। शव को आवारा जानवरों ने बुरी तरह नोंच लिया था, जिससे शुरुआत में उसकी पहचान मुश्किल हो गई थी और उसे बालिग महिला समझा गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी। रात का अंधेरा होने के कारण टेंपो का नंबर साफ नहीं था, लेकिन पुलिस ने कई कैमरों की फुटेज को जोड़कर उसके पूरे रूट को ट्रैक किया। 15 सितंबर की रात टेंपो खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला, जिसके बाद उसके चालक और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

शराब के नशे में दरिंदगी, फिर भेद खुलने के डर से ली जान पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी किशोरी का कथित प्रेमी बताया जा रहा है। वारदात वाली रात उसने अपने दोस्तों के साथ पहले जमकर शराब पी और फिर सभी ने मिलकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

दरिंदगी के बाद आरोपियों को डर सताने लगा कि किशोरी इस घटना की शिकायत पुलिस या अपने परिजनों से कर सकती है। इसी खौफ में उन्होंने चाकू मारकर किशोरी की नृशंस हत्या कर दी और शव को खुले मैदान में फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।