नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग और एसआईआर (SIR) के विरोध में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और फर्जी वोट काटने के आरोपों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), आम आदमी पार्टी (AAP), वामपंथी छात्र संगठनों और SFI सहित कई विपक्षी दलों व छात्र यूनियनों ने जोरदार हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और अनुराग ढांडा समेत 500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।

इसे भी पढ़ेंः विवाद के बीच बड़ा फैसला: वोटर लिस्ट से छूटे और नए मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग का विशेष देशव्यापी अभियान

बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े प्रदर्शनकारी, जंतर-मंतर पूरी तरह खाली

प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर रोड से मुख्य मैदान की ओर लगातार आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस बार-बार पीछे खदेड़ती रही। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने चारों तरफ से इलाके की बैरिकेडिंग कर दी और जंतर-मंतर को पूरी तरह से खाली करा लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को बसों में भरकर दिल्ली के विभिन्न पुलिस थानों में भेजा गया है।

विरोध में शामिल एक प्रदर्शनकारी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, "हम एक हिंदुस्तानी की आवाज बुलंद करने आए हैं। इस देश में सरकार चुनने वाली आम जनता है, सरकार खुद से नहीं बनती, फिर हमारे वोट क्यों काटे जा रहे हैं?"

"गलतियां होंगी तो विरोध हमारा अधिकार है"

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। जंतर-मंतर पर जारी हलचल के बीच CJP के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया ने कहा, "कोई भी बेवजह विरोध प्रदर्शन नहीं करना चाहता, लेकिन जब सरकार या संवैधानिक संस्थाएं गलतियां करती हैं तो हमें सड़कों पर उतरना पड़ता है। इस देश में किसी भी जगह शांतिपूर्ण विरोध करना हमारा संवैधानिक अधिकार है।"

इसे भी पढ़ेंः गांधी जयंती पर बिहार का मानवीय कदम: कैदियों की कमाई से 1820 पीड़ित परिवारों को 3.86 करोड़ का मरहम, 44 कैदी होंगे रिहा

पुलिसकर्मियों के घायल होने का आकलन जारी, कमिश्नर ने लिया जायजा

प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के घायल होने के सवाल पर नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, "कुछ लोगों को चोटें आई हैं; हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं।"

वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस समय जंतर-मंतर पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

#ElectionCommissionProtest #JantarMantarProtest #DelhiPolice #AAP #YouthCongress #GyaneshKumar #CECResignation #DelhiNews #BreakingNews

#चुनाव_आयोग_विरोध #जंतर_मंतर #दिल्ली_समाचार #संजय_सिंह #आतिशी #सौरभ_भारद्वाज #आम_आदमी_पार्टी