प्रतिनिधि,साहिबगंज।साहित्य की दुनिया के प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर साहिबगंज में राष्ट्रीय साहित्य समागम सह कवि सम्मेलन का आयोजन मारवाड़ी धर्मशाला चौक बाजार में किया गया। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 40 ख्याति प्राप्त साहित्यकार एवं कवि कवयित्री अपने कविता पाठ कर साहित्य रचना का व्याख्यान करेंगे। साथ ही साथ इसमें स्थानीय साहित्यकार और कवि भी भाग लेंगे।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त राम निवास यादव, वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में महिला कॉलेज साहिबगंज के प्राचार्य डॉ. राधा सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस क्रम में प्राचार्य डॉ. राधा सिंह ने स्वरचित पुस्तक उपायुक्त एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी को भेंट की।
उपायुक्त ने इस रचना को छात्र-छात्राओं एवं युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। साथ ही युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साहित्य मानवीय मूल्यों के प्रति हमारी सोच विकसित करता है एवं हममें दूर दर्शिता विकसित करता है।इस क्रम में सभी साहित्यकार एवं कवि को साहित्य की दुनिया की ओर से अंग वस्त्र, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्था में कल्याण प्रसाद श्रीवास्तव, संयोजक वृंद डा. रणजीत कुमार सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, आनंद मोदी, साहित्य की दुनिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल श्रीवास्तव, भगवती रंजन पांडे, डॉ. सुरेंद्र नाथ तिवारी, डॉक्टर ममता विद्यार्थी, बच्चन कुमार पाठक, स्वागत अध्यक्ष गोपाल चोखानी, रेणु बाला कुमारी सहित कई साहित्य प्रेमीजन आयोजन की सफलता के लिए जुटे हुए हैं।





