चतरा।झारखंड के चतरा जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर जमकर तांडव मचाया हैं। नक्सलियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के करमाही गांव के पास बन रही सड़क निर्माण कार्य में लगी दो जेसीबी मशीन को आग के हवाले कर दिया।सड़क का निर्माण कार्य साढ़े पांच करोड़ की लागत से किया जा रहा है और तिलैय से बहेराडीह तक सड़क निर्माण कार्य किया जाना हैं।नक्सलियों की लगातार बढ़ती गतिविधि से विकास कार्य कराने वाले संवेदकों में दहशत है।घटना वाली जगह से महज चार किलो मीटर पर पुलिस का पिकेट स्थापित है।इसके बावजूद 20 से 25 की संख्या में नक्सली पहुंचे और घटना को अंजाम देकर आराम से निकाल गए।नक्सलियों द्वारा आग लगाई एक जेसीबी लावालौंग के जगदीश साव और दूसरी जेसीबी देवेंद्र यादव की बतायी जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम सात से आठ बजे के बीच 20 से 25 की संख्या में यहां नक्सली पहुंचें। नक्सलियों ने लावालौंग की ओर से आकर सड़क निर्माण कार्य में लगी दो जेसीबी मशीन को फूंक दिया।इसके बाद चले गए। सूचना के बाद घटना वाली जगह पर पुलिस पहुंची। साथ ही सीआरपीएफ जवानों के साथ छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि लेवी को लेकर नक्सलियों ने घटना को अंजाम दिया है।जेसीबी चालक और मजदूरों को चेतावनी दी है कि बिना लेवी दिए कुंदा में काम शुरू नहीं होगा।
इसके सात दिन पूर्व नक्सलियों ने कुंदा थाना क्षेत्र के मरगड़ा पंचायत के पिंजनी से गारो गांव के बीच बन रही सड़क निर्माण में लगी दो जेसीबी मशीन को फूंक दिया था और चालक की पिटाई की थी।सात दिनों में यह दुसरी घटना है। इस तरह एक बार फिर नक्सली सक्रिय हो गए हैं।सात दिनों में दो बार घटनाओं को अंजाम देकर नक्सलियों ने पुलिस की नींद उड़ा दी है और जिले में अपनी गतिविधियां तेज कर दी है। नक्सलियों के सक्रिय होने से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।
एक ओर सीआरपीएफ और जिला पुलिस के द्वारा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में नक्सली क्षेत्र में पहुंचकर घटना को अंजाम दिया है।जिससे क्षेत्र में दहशत है।
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी सुधीर कुमार चौधरी ने बताया कि यह नक्सली घटना है।इसकी जांच कि जा रही है।संवेदक द्वारा अभी तक लिखित शिकायत नहीं दिया गया है।सर्च अभियान चलाया जा रहा है।





