पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।गढ़वा पुलिस ने नक्सली संगठन टीएसपीसी के नाम पर लेवी वसूली और दहशत फैलाने वाले गिरोह पर तगड़ा प्रहार किया है।पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय ने समाहरणालय स्थित सभागार में शनिवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दिया।
एसपी दीपक पांडेय ने बताया कि पलामू जिले के गहोरा निवासी मोहन मुरारी देव के आवेदन पर रंका थाना में मामला दर्ज किया गया था,जिसमें तीन अज्ञात अपराधियों पर स्टोन माइंस और क्रशर प्लांट के कर्मचारियों को धमकाने,लेवी मांगने और मोबाइल लूटने के गंभीर आरोप थे।
पुलिस ने बताया कि हमारे निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर इन अपराधियों को ट्रैक किया। 28 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि ये अपराधी माइंस क्षेत्र में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शाहिद अंसारी (मुख्य सरगना), अशोक सिंह और मकदस अंसारी को मौके से दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान इनके पास से एक देसी कट्टा,टॉय बंदूक,लूटे गए मोबाइल,नक्सली पर्चे, चितकबरा वर्दी,गमछे और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में शाहिद अंसारी ने स्वीकार किया कि वह खुद को टीएसपीसी का एरिया कमांडर पंकज जी बताकर माइंस मालिकों से लेवी वसूलता था।इस बड़ी सफलता में पुलिस अधीक्षक (अभियान) राहुल देव बड़ाईक,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीव मंडल समेत कई पुलिस अधिकारी व जवान शामिल थे।
बता दें कि गढ़वा पुलिस की इस कार्रवाई से माइंस और क्रशर संचालकों में राहत की लहर दौड़ गई है।





